द सीजी न्यूज
केदारनाथ में दर्शन करने गए राहुल गांधी और वरुण गांधी के बीच मुलाकात हुई। राहुल गांधी केदारनाथ की तीन दिन की अध्यात्मिक यात्रा पर वहां गए हैं। वरुण गांधी भी केदारनाथ पहुंचे हैं। दोनों चचेरे भाई है। केदारनाथ में दोनों के बीच मुलाकात हुई है। दोनों के बीच कोई राजनीतिक बात हुई है या नहीं, इसका खुलासा नहीं हो पाया है। इस मुलाकात को संयोगवश हुई मुलाकात बताते हुए कहा जा रहा है कि दो भाई सालों बाद एक दूसरे से मिले।
वरुण गांधी के कार्यक्रम के अनुसार वह मंगलवार (7 नवंबर 2023) को केदारनाथ पहुंचे। राहुल गांधी रविवार 5 नवंबर 2023 को ही केदारनाथ पहुंच गए थे। राहुल गांधी का स्वागत कांग्रेस नेताओं के साथ ही केदारसभा के अध्यक्ष राजकुमार तिवारी और अन्य पुरोहितों ने किया था। इस दौरान राहुल गांधी ने केदारनाथ के दर्शन के लिए आए श्रद्धालुओं से भी गर्मजोशी से मुलाकात की।
भगवान केदारनाथ की सायं में होने वाली आरती में राहुल गांधी शामिल हुए। इससे पहले गांधी नई दिल्ली से देहरादून हवाई अडडे पहुंचे और वहां से सीधे हेलीकॉप्टर से केदारनाथ के लिए रवाना हो गए। गांधी ने फेसबुक पर एक पोस्ट में केदारनाथ मंदिर की अपनी तस्वीरें साझा की।
इससे पहले राहुल गांधी ने अपनी यात्रा की तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा, ‘कल रात केदारनाथ महादेव के अभिषेक में सम्मिलित होने का आनंद प्राप्त हुआ, हर हर महादेव। स्थानीय लोगों के मुताबिक राहुल ने अपनी यात्रा के पहले दिन केदारनाथ पहुंचे साधु गणों और श्रद्धालुओं को भंडारे में भोजन परोसा और बातचीत की। इसके बाद उन्होंने वहां आदिगुरु शंकराचार्य की मूर्ति के दर्शन किये और लिखा, आदिगुरु शंकराचार्य जी की समाधि के दर्शन की बहुत समय से मन में अभिलाषा थी, आज यह अवसर इन खूबसूरत और पवित्र वादियों में प्राप्त हुआ।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
