- वोरा ने पुलगांव और उरला क्षेत्र के वार्डों में किया सघन जनसंपर्क
द सीजी न्यूज

दीपोत्सव की पूर्व संध्या पर वरिष्ठ कांग्रेस विधायक अरुण वोरा ने समस्त शहरवासियों को प्रकाश के महापर्व दीवाली की बधाई दी। उन्होंने शनिवार को पुलगांव और उरला क्षेत्र के वार्डों में घर-घर जाकर सघन जनसंपर्क किया। दुर्ग के सभी मतदाताओं से आत्मीय और पारिवारिक रिश्ते की बात दोहराते हुए वोरा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा जो कहा है, सो किया है। 2023 के चुनाव में जारी किया गया घोषणापत्र अगले 5 साल जनता के भरोसे की गारंटी है।


वोरा ने कहा कि कांग्रेस के 20 सूत्रीय घोषणापत्र में सर्वहारा वर्ग के हितों को ध्यान में रखा गया है। 2 सौ यूनिट मुफ्त बिजली और गैस रिफिलिंग पर 500 की सब्सिडी सर्वसामान्य के लिए राहत भरा सराहनीय कदम है। किसान, मजदूर, युवक, महिला, मध्यम वर्ग के कल्याण के साथ स्वास्थ्य, शिक्षा, व्यवस्था का उन्नयन लगातार जारी रहेगा। कांग्रेस ने जनता के लिए सभी को राशन, मुफ्त इलाज, घर के पास इलाज की सुविधा, स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय, आईटीआई, कॉलेज हमर क्लीनिक जैसी योजनाओं का क्रियान्वयन किया है।
वोरा ने कहा कि इस बार प्रदेश में कांग्रेस के प्रति पहले से अधिक रुझान और उत्साह है। जनता समझदार है और भूपेश पर भरोसा बरकरार है। इस बार 75 सीटों से भी ज्यादा सीट कांग्रेस जीतेगी। जनसंपर्क के दौरान उन्होंने बुजुर्गों से मुलाकात की। वोरा ने भावुक होते हुए कहा कि शहर के वरिष्ठ नागरिकों के बीच पहुंचकर वे बाबूजी श्री मोतीलाल वोरा का आशीष महसूस करते हैं। शहरवासियों ने बाबूजी को अपार प्रेम, स्नेह व आशीर्वाद देकर राजनीति के शिखर पर पहुंचाया, उसके लिए वोरा परिवार सदैव दुर्ग की जनता का ऋणी रहेगा। एक-एक शहरवासी की हर समस्या का समाधान अंतिम सांस तक करने का लक्ष्य लेकर मोतीलाल वोरा के संस्कारों के प्रति वे प्रतिबद्ध हैं। जनसंपर्क के दौरान ब्लाक अध्यक्ष, पार्षदगण व वार्डवासी समेत बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
