द सीजी न्यूज
दुर्ग। शहर विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस प्रत्याशी अरुण वोरा ने आज विभिन्न क्षेत्रों में जाकर डोर टू डोर जनसंपर्क कर सहयोग और समर्थन का आशीर्वाद मांगा। वोरा ने कहा कि भाजपा सरकार के पन्द्रह साल और कांग्रेस सरकार के पांच साल के कामकाज का मूल्यांकन करने का समय आ गया है। इसका फैसला 17 नवम्बर को कांग्रेस को विजयी बनाने 1 नम्बर पर बटन दबाकर करना है।
वोरा ने कहा कि यह आप लोगों के स्नेह आशीर्वाद और शुभकामनाओं का ही परिणाम है कि बाबूजी के बाद मुझे आपकी सेवा करने का निरंतर अवसर मिलता रहा है। यह सब आपके विश्वास और मार्गदर्शन से ही संभव हो पाया है। अब आपके साथ मेरा एक अटूट रिश्ता बन गया है। आज हमारे बीच बाबूजी नहीं है लेकिन आप लोगों के स्नेह और प्यार ने मुझे इसकी कमी महसूस नहीं होने दी है। निरंतर सक्रिय रहने की प्रेरणा मुझे बाबूजी और आप सबके विश्वास से मिली है।
वोरा ने कहा कि साजिशों के तहत प्रसारित नफरत, भेदभाव और भय की स्तरहीन राजनीति के खिलाफ मैं हमेशा संघर्षरत रहा हूं। पिछले 5 वर्ष के शासन काल में विकास करके दुर्ग शहर के स्वरूप को बदलने का पूरा प्रयास किया है। आने वाले समय में दुर्ग शहर को सबसे विकसित शहर बनाना है। यह आपके सहयोग और समर्थन से संभव है।
वोरा ने कहा कि कांग्रेस की सरकार भरोसे की सरकार रही है। कांग्रेस ने अपने नए घोषणा पत्र में 32 सौ रुपए क्विंटल में धान खरीदी के साथ पहले की तरह इस बार भी कर्ज माफ करने का वादा किया है। 20 क्विंटल प्रति एकड़ धान की खरीदी होगी। सभी सरकारी स्कूलो में केजी से पीजी तक नि:शुल्क शिक्षा, 200 यूनिट बिजली फ्री भूमिहीनो को 10 हजार प्रति वर्ष, 17.50 लाख गरीब परिवार को आवास 10 लाख रुपए तक मुफ्त इलाज के साथ गृहलक्ष्मी योजना की घोषणा ऐतिहासिक व जनकल्याणकारी है। वोरा ने विश्वास व्यक्त किया कि शहरवासी एक बार फिर शहर का समग्र विकास करने कांग्रेस को विजयी बनाएंगे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal



