- कलेक्टर ने घटना के संबंध में लिया तत्काल संज्ञान
- प्रथम दृष्टया परीक्षण करने पर सचिव ग्राम पंचायत आसरा को किया गया निलंबित
- आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की सेवाओं को किया स्थगित
- परियोजना अधिकारी और पर्यवेक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी
द सीजी न्यूज
राजनांदगांव। कलेक्टर डोमन सिंह ने डोंगरगांव विकासखंड के ग्राम आसरा में 22 नवम्बर 2023 को आंगनबाड़ी केन्द्र के पीछे खुले गढ्ढे में डूबने से ग्राम के बालक भरत पिता सतीश कंवर की मृत्यु के संबंध में तत्काल संज्ञान लिया है। कलेक्टर ने अनुविभागीय अधिकारी राजस्व डोंगरगांव को इस संबंध में जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। आंगनबाड़ी केन्द्र के पीछे गढ्ढा खुला होने को अत्यंत आपत्तिजनक मानते हुए प्रथम दृष्टया परीक्षण करने पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता आंगनबाड़ी केन्द्र आसरा क्रमांक 4 अनुसुईया करियाम की घोर लापरवाही का पतता चलला है। इस मामले में आगामी आदेश तक करियाम की सेवाओं को स्थगित किया गया है।
प्रारंभिक तौर पर सचिव ग्राम पंचायत आसरा किशन कोलियारा को निलंबित किया गया है। एकीकृत बाल विकास परियोजना डोंगरगांव के परियोजना अधिकारी वीरेन्द्र कुमार साहू और पर्यवेक्षक लक्ष्मी सोनकर को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। कलेक्टर के निर्देश पर पंचायत को भी जांच के दायरे में लिया गया है। रिपोर्ट प्राप्त होने पर पंचायत में भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal