Breaking News

डाक मतपत्रों की कमजोर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भाजपा नेताओं ने जताया असंतोष

द सीजी न्यूज

दुर्ग। मंगलवार को दुर्ग जिले के भाजपा प्रत्याशियों, निर्वाचन अभिकर्ताओं और प्रमुख भाजपा नेताओं ने जिला निर्वाचन अधिकारी व कलेक्टर से मुलाकात की और डाक मत पत्रों की सुरक्षा के बारे में असंतोष जताया। भाजपा नेताओं ने नाराजगी जताते हुए ट्रेजरी में रखे गए डाक मत पत्रों की सुरक्षा को लेकर लिखित सुझाव भी दिये। इस दौरान भिलाई जिला भाजपा अध्यक्ष बृजेश बिचपुरिया, भिलाई नगर भाजपा प्रत्याशी प्रेम प्रकाश पाण्डेय, दुर्ग ग्रामीण भाजपा प्रत्याशी ललित चंद्राकर, वैशाली नगर भाजपा प्रत्याशी रिकेश सेन उपस्थित रहे।

भाजपा नेताओं ने आपत्ति करते हुए कहा कि दुर्ग जिला कोषालय में रखे जा रहे डाक मतपत्रों के कमरे के सामने सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा है। इस पर जिला निर्वाचन अधिकारी पुष्पेंद्र कुमार मीणा ने सीसीटीवी कैमरा लगाए जाने के लिए आदेश दिये। भाजपा नेताओं ने कहा कि इतने समय से बिना सिक्योरिटी गार्ड और बिना सीसीटीवी कैमरे के डाक मत पत्रों को रखा गया है। अब तक उसमें धांधली नहीं हुई होगी ? इसकी क्या गारंटी है?

भाजपा नेताओं ने रोष जताते हुए कहा कि डाक मत पत्र पोस्ट ऑफिस से आने के बाद और कोषागार में रखे जाने से पहले जिन कर्मचारियों के कब्जे में रहता है, उनके द्वारा सत्ताधारी कांग्रेस पार्टी के प्रभाव में आकर हेरा फेरी किए जाने की पूरी गुंजाइश है। दुर्ग जिले में डाक मतपत्रों को लेकर बेहद लापरवाही बरती जा रही है। दुर्ग जिला निर्वाचन प्रशासन द्वारा कोषालय के प्रतिदिन खोलने और बंद करते समय सीलिंग प्रक्रिया में दरवाजे पर लगाई जाने वाली कागज की सील में केवल प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा हस्ताक्षर किया जा रहा है, उसमें किसी भी विधानसभा के किसी भी प्रत्याशी अथवा राजनीतिक दल की प्रतिनिधियों के हस्ताक्षर नहीं लिए जा रहे हैं जो कि स्पष्ट रूप से डाक मत पत्र में धांधली की संभावना को प्रकट करता है।

भाजपा नेताओं ने कहा कि ट्रेज़री में अनाधिकृत व्यक्तियों की आवाजाही अत्यधिक है। इन मतपत्रों में हेराफेरी की प्रबल संभावना है। इसके अतिरिक्त कांग्रेस के पक्ष में पूर्वाग्रह से ग्रसित कुछ अधिकारी-कर्मचारियों द्वारा भी मतपत्रों में अनाधिकृत हस्तक्षेप किया जा रहा है। इस स्थिति में इन मतपत्रो की सुरक्षा में लगे कर्मियों की संख्या बढ़ाने और सी.सी.टी.वी. कैमरा लगाकर सुरक्षा बढ़ाने की आवश्यकता है। यह आवश्यक है कि इन मतपत्रो  को ट्रेज़री के स्थान पर  स्ट्रांग-रूम में रखा जाए।

Check Also

भ्रदेश्वर महाकाल शिव मंदिर में टाइल्स, मार्बल, ग्रेनाइट लगाने भूमिपूजन संपन्न

THE CG NEWS भिलाई। सेक्टर-5 स्थित भ्रदेश्वर महाकाल शिव मंदिर में 3 लाख की लागत …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!