Breaking News

भिलाई में ‘रमाई’ फिल्म की शूटिंग शुरू : डा. अम्बेडकर के जीवन पर आधारित है फिल्म

  • मुंबई व स्थानीय कलाकारों के साथ बन रही बड़े बजट की फीचर फिल्म

द सीजी न्यूज

भिलाई। नीतू राज फिल्म प्रोडक्शन हाउस के बैनर तले बनने वाली सामाजिक फिल्म ‘रमाई’ की शूटिंग इस्पात नगरी भिलाई में शुरू हो गई है। सामाजिक उद्देश्य को लेकर बनाई जा रही इस फिल्म में मुंबई के जाने-माने चेहरों के अलावा भिलाई व छत्तीसगढ़ के कई प्रमुख कलाकार भूमिकाएं निभा रहे हैं। फिल्म के प्रमुख हिस्सों की शूटिंग के लिए 8 दिन का शेड्यूल भिलाई में शुरू हुआ है, जिसके लिए अत्याधुनिक कैमरों और उच्च प्रशिक्षित टीम के साथ कलाकार-तकनीशियन आए हुए हैं।

भिलाई में डॉ. अम्बेडकर और उनके पिता के बीच के भावनात्मक दृश्यों को फिल्माने के साथ शूटिंग शुरू की गई। शूटिंग के दौरान डॉ. अम्बेडकर के बड़ौदा नरेश के पास नौकरी के लिए जाने के दौरान अपने पिता से अनुमति लेते हैं। पिता के सहमत न होने पर पत्नी रमाई और बड़े भाई आनंद द्वारा डा. अम्बेडकर के पक्ष में दलील दिए जाने का दृश्य फिल्माया गया।

फिल्म के विभिन्न दृश्यों के लिए दुर्ग के पार्षद अजीत वैद्य, विजय बोरकर और इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड छत्तीसगढ़ के रिटायर्ड एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर बालोद से आए वामन राव वानखेडे ने क्लैप दिया। फिल्म में डा. बाबा साहब अम्बेडकर की प्रभावी भूमिका इस्पात नगरी भिलाई के सेवाभावी चिकित्सक डॉ. उदय धाबर्डे  निभा रहे हैं। माता रमाई की भूमिका में डा. उदय की पत्नी प्रेरणा नजर आएंगी।

डॉ. अम्बेडकर के बड़े भाई आनंद की भूमिका छत्तीसगढ़ से मुंबई फिल्म जगत में स्थापित हो चुके ओंकार दास मानिकपुरी (नत्था) और उनकी पत्नी लक्ष्मी की भूमिका अदिति श्रीवास्तव ने निभाई है। डॉ. अम्बेडकर के पिता रामजी अम्बेडकर की भूमिका औरंगाबाद से आए वरिष्ठ रंगकर्मी संजय बंसोड़ कर रहे हैं। डायरेक्टर कबीर दास के निर्देशन में बन रही इस फिल्म के कैमरामैन बॉलीवुड से आए सुमित और साउंड रिकॉर्डिस्ट मुंबई के बाबू भाई हैं। गेटअप आर्टिस्ट की जिम्मेदारी मुंबई के गुड्डू दादा निभा रहे हैं।

भिलाई-दुर्ग व राजनांदगांव में 8 दिन की शूटिंग के शेड्यूल में माता रमाई का बचपन, डा. अम्बेडकर का विवाह और बड़ोदा नरेश की छात्रवृत्ति के प्रसंग को फिल्माने की तैयारी है। इसके लिए झिरिया पारा रूआबांधा, सेक्टर-6 बीएसपी स्कूल स्थित अम्बेडकर भवन, दुर्ग में फिल्मिस्तान और राजनांदगांव सहित अन्य स्थानों पर शूटिंग होगी। फिल्म की शूटिंग के दौरान नए कलाकारों की तैयारी से संतुष्ट नजर आए ओंकार दास मानिकपुरी ने कहा कि पहली बार कैमरे का सामना कर रहे डा. उदय और प्रेरणा का अभिनय परिपक्वता लिए हुए हैं। मानिकपुरी ने उम्मीद जताई कि फिल्म दर्शकों को जरूर पसंद आएगी।

Check Also

भ्रदेश्वर महाकाल शिव मंदिर में टाइल्स, मार्बल, ग्रेनाइट लगाने भूमिपूजन संपन्न

THE CG NEWS भिलाई। सेक्टर-5 स्थित भ्रदेश्वर महाकाल शिव मंदिर में 3 लाख की लागत …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!