द सीजी न्यूज
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नारायणपुर जिले में हुए आईईडी ब्लास्ट में सक्ती जिले के हसौद निवासी शहीद जवान कमलेश साहू को नमन कर श्रद्धासुमन अर्पित किया। मुख्यमंत्री ने शहीद जवान के परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस दुख की घड़ी में पूरा छत्तीसगढ़ उनके परिजनों के साथ है। कमलेश साहू ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए वीरगति प्राप्त की है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कांकेर जिले के थाना परतापुर के अंतर्गत ग्राम सड़कटोला के पास सर्चिंग के दौरान आईईडी ब्लास्ट में बीएसएफ में प्रधान आरक्षक के पद पर कार्यरत अखिलेश राय की शहादत पर गहरा शोक व्यक्त किया है। बीएसएफ में प्रधान आरक्षक के पद पर कार्यरत अखिलेश राय उत्तरप्रदेश के गाजीपुर जिले के निवासी थे। सर्चिंग अभियान के दौरान आईईडी ब्लास्ट के चपेट में आने से चोट लगने पर उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर उपचार के लिए पखांजुर रवाना किया गया, लेकिन घायल राय शहीद हो गए। मुख्यमंत्री साय ने शहीद जवान के परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि अखिलेश राय ने देश सेवा करते हुए वीरगति प्राप्त की है। इस दुख की घड़ी में पूरा छत्तीसगढ़ उनके परिजनों के साथ है।
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने शहीद कमलेश साहू के परिजनों से मिलकर बंधाया ढांढस

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने आज सक्ती जिले के हसौद पहुंचकर शहीद कमलेश साहू को श्रद्धांजलि अर्पित की और परिजनों से मिलकर उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने शहीद के पिता मुंगेश्वर साहू को गले लगाकर उन्हें ढांढस बंधाया। शर्मा ने शहीद कमलेश की माता तारा देवी साहू, पत्नी वृंदाबाई साहू, शहीद की बड़ी बहन कमलेश्वरी साहू और छोटे भाई यशवंत साहू सहित अन्य परिजनों से भी मुलाकात की और सांत्वना दी। उन्होंने कहा कि शहीद कमलेश साहू ने देश की सेवा करते हुए वीरगति प्राप्त की है, उनकी शहादत को नमन है।

विधायक केदार कश्यप, जैजैपुर विधायक बालेश्वर साहू, चंद्रपुर विधायक रामकुमार यादव सहित विभिन्न जनप्रतिनिधियों ने भी हसौद पहुंचकर शहीद कमलेश साहू को श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर सक्ती की कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना, पुलिस अधीक्षक एम. आर आहिरे सहित बड़ी संख्या में नागरिकों ने भी शहीद जवान को श्रद्धांजलि अर्पित की।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
