- सभी नगरीय निकायों में 25 दिसम्बर से एक सप्ताह तक चलेगा स्वच्छता अभियान
- नव निर्वाचित जनप्रतिनिधियों, आम जनता द्वारा सुशासन स्थापित करने का लिया जाएगा संकल्प
- नगरीय निकाय में अटल जी की कविता पाठ, अटल विचार संगोष्ठी, निबंध स्पर्धा का होगा आयोजन
द सीजी न्यूज
रायपुर। भारत के पूर्व प्रधानमंत्री भारतरत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती 25 दिसंबर ’सुशासन दिवस’ के रूप में मनाया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर सुशासन दिवस के अवसर पर राज्य के किसानों को खरीफ विपणन वर्ष 2014-15 और वर्ष 2015-16 की बकाया धान की बोनस राशि 3716 करोड़ 38 लाख 96 हजार रुपए का भुगतान किया जाएगा। धान उत्पादन करने वाले किसानों को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य सरकार ने अपने अनुपूरक बजट में धान उत्पादन पर प्रोत्साहन योजना के लिए राशि का प्रावधान भी किया है।
सुशासन दिवस के अवसर पर निर्वाचित जनप्रतिनिधियों और आम जनता की गरिमामय उपस्थिति में नगरीय निकायों में स्थापित अटल चौक में सुबह 10 बजे से कार्यक्रम का शुभारंभ किया जाएगा। अटल चौक में भारत के पूर्व प्रधानमंत्री भारतरत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के छायाचित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्जवलन कर निर्वाचित जनप्रतिनिधियों और आम जनता द्वारा ’सुशासन स्थापित’ करने का संकल्प लिया जाएगा। इसके लिए राज्य शासन द्वारा 25 दिसंबर के पहले नगरीय निकायों में पूर्व से निर्मित अटल स्तंभ की साफ-सफाई, आवश्यक मरम्मत कराने के निर्देश दिए हैं। यह स्वच्छता अभियान नगरीय निकायों में 25 दिसंबर से प्रारंभ होकर आगामी एक सप्ताह तक आयोजित होगा।
सुशासन दिवस के मौके पर प्रदेश के सभी नगरीय निकायों में अटल संध्या का आयोजन होगा। इसके अंतर्गत कवि सम्मेलन, अटल जी की कविता पाठ, अटल विचार संगोष्ठी, निबंध स्पर्धा का आयोजन तथा अटल जी के जीवन, व्यक्तित्व और कृतित्व पर केन्द्रित प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
