द सीजी न्यूज
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मिली हार की समीक्षा को लेकर कांग्रेस मैराथन बैठक कर रही है। शनिवार को संयुक्त महामंत्री और सचिवों के साथ PCC चीफ दीपक बैज की बैठक हुई। विधानसभा चुनाव में जिन विधायकों का टिकट कटा था, वो भी आज राजीव भवन पहुंचे थे। संयुक्त सचिव विजय जांगिड़, पीसीसी चीफ दीपक बैज की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें पार्टी के संयुक्त महामंत्री, सचिव और पूर्व विधायकों ने जमकर भड़ास निकाली। बैठक में मंत्रियों पर गुस्सा फूटा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के सामने कांग्रेस संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि चुनाव के दौरान जमकर गद्दारी हुई है। पदाधिकारियों ने भीतरघात की शिकायत करते हुए इसे हार का असली कारण बताया।
इधर, दीपक बैज ने कहा कि पार्टी में हर तरह की बातें होती है. ज्यादातर बातें सकारात्मक है। अगर कोई बात नहीं रख पाया है तो 28 दिसंबर के बाद कार्यालय में आकर अपनी बात रख सकते है। इसके अलावा हमारे प्रभारी भी सभी जिलों की विधानसभा में जाएंगे और कार्यकर्ताओं की बैठक लेंगे। जमीनी स्तर तक फिर से लोकसभा की तैयारी कर रहे है। भीतरघात की शिकायतों पर दीपक बैज ने कहा कि पीसीसी में बहुत लोगों पर कार्रवाई हुई है। कुछ शिकायतों पर परीक्षण कर रहे है। इस बैठक के बाद पार्टी के बड़े नेता प्रदेश मोर्चा, संगठन, प्रकोष्ठ विभाग के अध्यक्षों से चर्चा करेंगे।
संगठन पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं का काम न होने को लेकर जमकर शिकायतें कीं। एक पूर्व मंत्री पर भी पदाधिकारियों ने जमकर गुस्सा दिखाया। पदाधिकारियों ने कहा कि हमारी ही सरकार में हमारे कार्यकर्ताओं का कोई काम नहीं हुआ।
जिला और विधानसभावार भी होगी समीक्षा
भीतरघात की शिकायतों को लेकर बोले पीसीसी चीफ ने कहा कि कुछ शिकायतें मिली हैं। आगे और चर्चा की जा रही है। हमारे प्रभारी जिलों और विधानसभाओं में बैठक लेंगे। बैज ने कहा कि हार के कारणों की समीक्षा का दौर अभी लगातार जारी रहेगा।
22 दिसंबर को हुई थी कार्यसमिति की बैठक
गौरतलब है कि इससे पहले कांग्रेस की कार्यसमिति की बैठक 22 दिसंबर को हुई थी। बैठक में पीसीसी चीफ दीपक बैज, पूर्व सीएम भूपेश बघेल समेत पूर्व मंत्री समेत नए विधायक शामिल हुए थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
