दुर्ग/ जिले में मतदाता सूची का द्वितीय विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 1 जनवरी 2024 के संबंध में अपर कलेक्टर व उप जिला निर्वाचन अधिकारी बजरंग कुमार दुबे की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों की बैठक विगत दिनों जिला कार्यालय दुर्ग के सभाकक्ष में आयोजित की गई, जिसमें निर्वाचन पर्यवेक्षक संतोष कुमार त्रिपाठी और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि सुरेश कुमार धिंगानी, इंडियन नेशनल कांग्रेस, बंटी चौरे, जिला कोषाध्यक्ष बसपा, देवानंद कुंभकार, विधानसभा प्रभारी बसपा, ओंकार नाथ ताम्रकार, आम आदमी पार्टी, सुरेन्द्र कौशिक, जिला महामंत्री भारतीय जनता पार्टी और करन कुमार कन्नौजिया, भारतीय जनता पार्टी उपस्थित थे।
बैठक में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अहर्ता 1 जनवरी 2024 के संबंध में जानकारी दी गई। मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन 6 जनवरी 2024 को किया जाएगा। 6 जनवरी 2024 से 22 जनवरी 2024 तक कार्यालयीन दिवसों में सभी मतदान केन्द्रों में दावा-आपत्ति प्राप्त करने का कार्य किया जाएगा।
विशेष अभियान दिवस के तहत विशेष शिविर दिवसों 13 जनवरी 2024 (शनिवार) और 14 जनवरी 2024 (रविवार) को भी दावा आपत्ति प्राप्त करने का कार्य किया जायेगा। मतदाता सूची में नाम जोड़ने / काटने और संशोधन के लिये कार्यालयीन दिवस में किसी भी दिन तहसील कार्यालय में आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। 1 जनवरी 2024 को जिनकी आयु 18 वर्ष पूर्ण हो गई है, वे प्रारूप-6 में आवेदन प्रस्तुत कर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करा सकते हैं। मतदाता सूची से नाम हटाने के लिए प्रारूप 7 में, मतदाता सूची की प्रविष्टियों में किसी भी प्रकार के संशोधन के लिये प्रारूप 8 में आवेदन प्रस्तुत कर सकते है।
विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान और मतदाता सूची से संबंधित किसी भी जानकारी के लिये मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय रायपुर में स्थित टोल फ्री नंबर 1950 में कार्यालयीन दिवस में सुबह 10ः30 से शाम 5.30 तक की अवधि में संपर्क कर सकते हैं। पुनरीक्षण के समय प्राप्त दावे आपत्ति की सूची वेबसाईट पर उपलब्ध रहेगी। सूची मे आपत्ति होने पर संबंधित निर्वाचक/सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के पास आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है। मतदाता सूची में नाम जोड़ने, काटने, संशोधन और स्थानान्तरण के लिये प्ले स्टोर से वोटर हेल्पलाईन एप डाउनलोड कर या पोर्टल में ऑनलाईन आवेदन कर सकते है और मतदाता सूची में अपना नाम सर्च कर सकते हैं।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
