Breaking News

22 जनवरी को ननिहाल छत्तीसगढ़ में भी धूमधाम से मनेगा रामोत्सव – संस्कृति मंत्री बृजमोहन अग्रवाल

  • अयोध्या में आयोजित ’श्री रामलला प्राण प्रतिष्ठा-रामोत्सव’ छत्तीसगढ़ में भी भव्य व वृहद रूप में मनाने विभागीय स्तर पर निर्देश जारी
  • पंजीकृत 4700 मानस मंडलियों को मिलेगी 5-5 हजार की प्रोत्साहन राशि

द सीजी न्यूज

रायपुर/ छत्तीसगढ़ के शिक्षा, धर्मस्व एवम संस्कृति मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने अयोध्या में आयोजित ’श्री रामलला प्राण प्रतिष्ठा-रामोत्सव’ के अवसर पर 22 जनवरी को छत्तीसगढ़ में भी भव्य और वृहद रूप से सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजन करने के निर्देश विभाग को दिए है। इस संबंध में कार्ययोजना बनाकर राज्य के सभी कलेक्टर को निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

राज्य शासन द्वारा निर्णय लिया गया है कि 22 जनवरी को अयोध्या में आयोजित ’श्रीरामलला प्राण प्रतिष्ठा-रामोत्सव’ के मद्देनजर राज्य भर में भव्य रूप से भक्तिमय सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। उक्त आयोजन तीन स्तरों में संभागीय/जिला और विकासखण्ड स्तर पर होगा।

आयोजन में मानस मंडलियों को जोड़ा जाएगा। राज्य के प्रत्येक जिलों में संचालनालय संस्कृति एवं राजभाषा के साथ पंजीकृत क्रियाशील लगभग 4700 मानस मंडलियां हैं। राज्य शासन के घोषणा अनुरूप इन सभी मानस मंडलियों को प्रोत्साहन स्वरूप प्रत्येक मंडली को 5000 रुपए की राशि प्रदाय करने का निर्णय लिया गया है। इस निर्णय के अनुरूप जिलेवार मानस मंडलियों की सूची और उसी अनुसार धनराशि का आबंटन संचालनालय, संस्कृति एवं राजभाषा द्वारा सीधे कलेक्टरों को उपलब्ध कराया जा रहा है। इसका शीघ्रता के साथ वितरण किए जाने की बात कही गई है, ताकि भव्य आयोजनों में इन मानस मंडलियों को पूरे उत्साह के साथ भाग लेने के लिए प्रेरित किया जा सके।

इसके साथ ही प्रत्येक जिला स्तरीय संस्थानों/विकासखण्ड स्तरीय/धार्मिक ट्रस्टों/मंदिर समितियों के साथ समन्वय करके उनके सहयोग के साथ जन-जन के धार्मिक महत्व के इस भव्य कार्यक्रम का आयोजन सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए गए हैं। नगरीय निकायों/ग्राम पंचायतों को इस आयोजन में भागीदारी सुनिश्चित करते हुए उक्त दिवस में भवनों में प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए गए हैं।

कार्यक्रम की रूपरेखा

प्रत्येक विकासखण्ड स्तर से कम से कम ऐसे एक विशिष्ट मंदिर में 22 जनवरी, 2024 को दीप प्रज्जवलन, दीपदान और लाईटिंग व्यवस्था की जाएगी। उक्त मंदिर प्रांगण में प्रत्येक विकासखण्ड स्तर पर क्षेत्र के 5 मानस मंडलियों के मानस गायन का आयोजन उक्त दिवस में आयोजित किया जाएगा। प्रत्येक संभाग और जिला मुख्यालयों में भी कम से कम एक प्रतिष्ठित मंदिर तय कर उपरोक्त वर्णन अनुसार भव्य आयोजन किया जाएगा।

बजट आवंटन

विकासखण्ड स्तर पर आवश्यक कार्यक्रम व्यवस्था हेतु राशि 25000/, प्रत्येक विकासखण्ड में पंजीकृत 5 मानस गायन दलों के लिए प्रोत्साहन राशि 5000/- के मान से संभाग स्तरीय कार्यक्रम आयोजन हेतु राशि 1.00 लाख रुपए के मान से तथा संभाग मुख्यालय में पंजीकृत प्रत्येक संभाग से 5-5 मानस गायन दलों के लिए प्रोत्साहन राशि 5000/- रुपए के मान से प्रदान किए जायेंगे।

धर्मस्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि प्रभु राम मंदिर का प्राण प्रतिष्ठा समारोह संपूर्ण भारतवर्ष के लिए आस्था का विषय है, इसलिए सामाजिक संस्था / मंदिर ट्रस्ट/ मंदिर समितियों और आम जनमानस के सहयोग से यह भव्य और दिव्य आयोजन सफल होगा।

Check Also

गोडसे के चेले देशभक्तों पर आरोप लगा रहे, वोट चोरी के विरोध में जनसैलाब को नहीं रोक पाएगी कोई भी तानाशाह ताकत : ठाकुर

एआईसीसी आब्जर्वर राजेश ठाकुर बोले – चोरों के सरदार की भाषा बता रही है कि …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!