रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज मकर संक्रांति के पावन अवसर पर नवा रायपुर अटल नगर स्थित पुरखौती मुक्तांगन में संस्कृति विभाग द्वारा आयोजित ‘‘पतंग उत्सव‘‘ में शामिल हुए। उन्होंने प्रदेशवासियों को मकर संक्रांति, उगादी, पोंगल, गुड़ी पड़वा और लोहड़ी की शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पर्व सूर्य उपासना का पर्व है। पिछले एक माह तक खरमास के बाद आज से शुभ कार्याें की शुरूआत होगी। अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में 22 जनवरी को रामलला की प्राण प्रतिष्ठा होने जा रही है। मुख्यमंत्री ने पतंग उत्सव के अवसर पर पतंग उड़ाने का आनंद लिया।



उन्होंने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देशवासियों से आज मकर संक्रांति के शुभ अवसर से प्राण प्रतिष्ठा तक सभी धर्म स्थलों में सफाई का कार्य करने का आह्वान किया है। उन्होंने बताया कि हम लोगों ने आज श्रीराम मंदिर परिसर में सफाई का कार्य कर अभियान की शुरूआत की।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से आग्रह किया कि वे भी अपने आसपास के धर्म स्थलों, आस्था के केन्द्रों, मंदिरों, गुरूद्वारों में सफाई का काम करें। ऐसा उपाय करें कि 22 जनवरी को सम्पूर्ण वातावरण राममय हो जाए। रात में घरों में दीप जलाएं। इस अवसर पर सांसद सुनील सोनी, संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री बृजमोहन अग्रवाल, कृषि मंत्री राम विचार नेताम, विधायक अनुज शर्मा, खुशवंत साहेब व विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
