- अधिकतम आयु सीमा में पुरुष अभ्यर्थियों हेतु 5 वर्ष की छूट
द सीजी न्यूज
रायपुर। पुलिस मुख्यालय छत्तीसगढ़ द्वारा जिला पुलिस बल के आरक्षक संवर्ग की भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन भरने की तिथि को 15 फरवरी से बढ़ाकर 6 मार्च 2024 को रात्रि 11.59 बजे तक कर दिया है। आरक्षक संवर्ग की भर्ती में पुरुष अभ्यर्थी हेतु निर्धारित अधिकतम आयु सीमा के अतिरिक्त 5 वर्ष की और छूट प्रदान की गई है।
पुलिस मुख्यालय, छत्तीसगढ़ व्दारा जिला पुलिस बल के आरक्षक संवर्ग के सीधी भर्ती के 5967 रिक्त पदों पर भर्ती के लिए 4 अक्टूबर 2023 को विज्ञापन जारी किया गया था। इस विज्ञापन के तारतम्य में छत्तीसगढ़ पुलिस की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन भरने की तिथि 1 जनवरी 2024 से 15 फरवरी 2024 तक निर्धारित की गई थी, जिसे बढ़ाकर 6 मार्च तक कर दिया गया है।
इस संबंध में गृह (पुलिस) विभाग द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि ‘‘जिला पुलिस बल के आरक्षक संवर्ग की भर्ती में पुरूष अभ्यर्थी हेतु निर्धारित अधिकतम आयु-सीमा के अतिरिक्त एक बार के लिये 5 वर्ष की और छूट प्रदान की जाती है।’’ पुलिस मुख्यालय, छत्तीसगढ़ व्दारा जिला पुलिस बल के आरक्षक संवर्ग के सीधी भर्ती के 5967 रिक्त पदों पर भर्ती के लिए 4 अक्टूबर 2023 को जारी विज्ञापन के अन्य प्रावधान पूर्वानुसार रहेंगे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
