- हेलमेट न पहनने पर होगी कड़ी कार्रवाई
द सीजी न्यूज
दुर्ग / कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी की अध्यक्षता में आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक हुई जिसमें वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राम गोपाल गर्ग भी शामिल हुए। कलेक्टर ने राष्ट्रीय राजमार्ग व अन्य सड़कों पर हुई दुर्घटनाओं की रोड, थाना और सड़कवार रिपोर्ट्स की गहन समीक्षा की। चिन्हांकित ब्लैक स्पॉट्स पर सुधार के कार्य जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने जिले की सड़कों में यातायात सुरक्षा को और पुख्ता करने सड़कों से अवैध कब्जे हटाने, प्रकाश व्यवस्था, संकेतक, रोड मार्किंग व गति नियंत्रक बोर्ड लगाने सहित कई महत्वपूर्ण निर्णय भी लिए। जिले के ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में यातायात जागरूकता बढ़ाने और नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण हेतु प्रेशर हॉर्न व मोडिफाई साइलेंसर्स पर कार्यवाही करने और इसकी ब्रिकी पर नियंत्रण के लिए मैकेनिक्स और ऑटोपार्ट्स विक्रेताओं पर भी सख्त कार्रवाई करने कहा। सेंट्रल एवेन्यू रोड व राष्ट्रीय राजमार्ग दुर्ग-रायपुर में 1 तारीख से दोपहिया वाहनों के लिए हेलमेट पहनना अनिवार्य कर दिया गया है।
डी.एस.पी. ट्रैफिक सतीश ठाकुर ने बताया कि सड़क परिवहन एवं राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्रालय द्वारा 8 दुर्घटनाजन्य सड़क खण्डों को वर्ष 2024 के लिए ब्लैक स्पॉट्स चिन्हांकित किया गया है। पूर्व में चिन्हांकित जिले की 6 ब्लैक स्पॉट्स वाली सड़कों पर सुधार कार्य के बाद सड़क दुर्घटनाएं न होने से सड़क परिवहन एवं राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्रालय द्वारा ब्लैक स्पॉट्स की सूची से हटाया गया है।
कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी ने सड़क दुर्घटना पर रोक लगाने हेतु राष्ट्रीय राजमार्गों को सहायक सड़कों से जोड़ने वाले पॉइंट पर गति अवरोधक रम्बल्ड स्ट्रिप बनाने कहा। राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को चिन्हांकित स्थानों में आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के लिए कहा। उन्होंने दुर्घटनाजन्य वाले स्थानों पर गति नियंत्रण के लिए जिगजैग, आवश्यक स्थानों पर साइन बोर्ड लगाने, रात्रि में अंधेरे की वजह से हो रही दुर्घटनाओं वाले स्थानों में प्रकाश की व्यवस्था सुनिश्चित कराने पर जोर दिया।
बैठक में पुलिस अधीक्षक रामगोपाल गर्ग ने लोक निर्माण विभाग सेतु संभाग अंतर्गत नेहरू नगर, शिवनाथ नदी, नेवई ओवर ब्रिज में डिवाईडर का निर्माण कराए जाने, समुचित प्रकाश व्यवस्था, जेल तिराहा से पुलगांव चौक तक रोड चौड़ीकरण व डिवाईडर का निर्माण कराये जाने, राजेन्द्र पार्क चौक और पटेल चौक पर फ्री लेफ्ट निर्माण करने, धमधा रोड चौड़ीकरण और चिखली से धमधा तक पड़ने वाले तीन पुलिया सक्रिय होने का बोर्ड, रिफ्लेक्टर व सड़क किनारे पड़ने वाले पेड़ों की छटाई करने का सुझाव दिया। बैठक में ए.डी.एम. अरविन्द एक्का, आयुक्त नगर निगम भिलाई देवेश ध्रुव, एस़डीएम पाटन दीपक निकुंज, एसडीएम मुकेश रावटे, डीएसपी यातायात सतीश ठाकुर, आरटीओ शैलाभ साहू सहित अन्य विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
