- हम सबके लिए सौभाग्य का पल इस पल का साक्षी बन रहे हैं : किरण सिंहदेव
- सदियों की प्रतीक्षा के बाद यह पल आया है : श्याम बिहारी जायसवाल
- हम सबके आस्था के प्रतीक प्रभु श्री राम के दर्शन के इंतजार में कितनी पीढ़ियां गुजर गई – दयाल दास बघेल
- राम मंदिर दर्शन के लिए श्रद्धालुगण का उत्साह देखकर मन आनंदित है :धरमलाल कौशिक
द सीजी न्यूज
दुर्ग रेलवे स्टेशन पर आज आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। हजारों राम भक्त यहां ढोल मजीरे, मंजर लेकर जय श्री राम का जयघोष कर रहे थे। श्रद्धा-भक्ति के साथ आस्था स्पेशल ट्रेन पर सवार हुए 1340 रामभक्तों को लेकर ट्रेन अयोध्या के लिए रवाना हुई। दुर्ग संभाग के 20 विधानसभा क्षेत्रों के जनमानस और कार्यकर्ताओं के साथ रवाना हुई ट्रेन को कैबिनेट मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, दयाल दास बघेल व बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, राम मंदिर दर्शन समिति के प्रदेश संयोजक व विधायक धरमलाल कौशिक ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान विधायक ललित चंद्राकर, गजेंद्र यादव ,ईश्वर साहू भाजपा प्रदेश महामंत्री भरत वर्मा, भाजपा मीडिया प्रभारी प्रदेश अमित चिमनानी, भाजपा जिला अध्यक्ष जितेंद्र वर्मा, महेश वर्मा उपस्थित रहे।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार की योजना और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रयास से प्रदेश में आस्था स्पेशल ट्रेन की प्रथम यात्री ट्रेन आज राम भक्तों को लेकर दुर्ग से रवाना हुई। 500 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद यह अविस्मरणीय पल है। कई पीढ़ियां गुजर गई राम लला के दर्शन के इंतजार में और दर्शन का सौभाग्य तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार की इच्छा शक्ति के कारण मिला। अयोध्या जाने वाले समस्त राम भक्तों का स्वागत अभिनंदन करता हूं। प्रभु श्री राम से कामना करता हूं देश और प्रदेश में अपना स्नेह-आशीर्वाद बनाए रखें।
कैबिनेट मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ के भांचा श्री राम के ननिहाल से प्रथम ट्रेन रवाना हो चुकी है और छत्तीसगढ़ वासी अपने भांचा के दर्शन को लालायित हैं। सबके मन में उनके प्रत्यक्ष दर्शन को लेकर उत्सुकता है। आने वाले समय में छत्तीसगढ़ में आस्था स्पेशल ट्रेन अन्य यात्रियों को भी लेकर जाएगी। हम लोगों ने चुनाव के पूर्व ही स्पष्ट कर दिया था कि भारतीय जनता पार्टी अपने भांचा श्री राम के दर्शन करवाएगी।
कैबिनेट मंत्री दयाल दास बघेल ने कहा कि देश के प्रमुख विपक्षी पार्टिया हमेशा हमसे कहती थी मंदिर कब बनवाओगे। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के द्वारा अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण कर प्रभु श्री राम की मूर्ति की स्थापना हो चुकी है। प्रभु श्री राम के दर्शन कर मन प्रफुल्लित और आनंदित हो जाता है।
राम मंदिर दर्शन समिति के प्रदेश संयोजक व पूर्व विधायक धरमलाल कौशिक ने कहा कि दुर्ग संभाग के 20 विधानसभा के लगभग 1340 से अधिक लोग आज आस्था स्पेशल ट्रेन से अयोध्या के लिए रवाना हुए हैं। आने वाले दिनों में प्रदेश के अन्य स्टेशनों से राम भक्त आस्था स्पेशल ट्रेन के माध्यम से रवाना होंगे। पूर्व में भी जानकारी प्रदान की गई थी कि उनके आने जाने और रहने और खाने की व्यवस्था ट्रेन मे आईआरटीसी के द्वारा की जाएगी और अयोध्या में स्थानीय प्रशासन के सहयोग से सारी व्यवस्थाएं होगी।
स्टेशन पर जिला महामंत्री सुरेंद्र कौशिक, ट्रेन प्रभारी अजय तिवारी, उपाध्यक्ष नटवर ताम्रकार, राजेंद्र कुमार, दिलीप साहू, विनायक नातु, अलका बाघमार, कांतिलाल जैन, रोहित साहू, आशीष निंमजे दीपक चोपड़ा मनोज सोनी हेमंत नेमा अनूप सोनी, दिनेश देवांगन, राजा महोबिया राकेश दुग्गड सहित समस्त दुर्ग संभाग के अंतर्गत आने वाले विधानसभा के पदाधिकारी कार्यकर्ता उपस्थित थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
