- जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन स्वामी विवेकानंद सभागार में विधायक गजेन्द्र यादव के मुख्य आतिथ्य में सम्पन्न
द सीजी न्यूज
दुर्ग/ आज रायपुर में आयोजित महतारी वंदन सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्चुअली जुड़कर छत्तीसगढ़ की महत्वाकांक्षी योजना महतारी वंदन योजना की शुरूआत की। प्रधानमंत्री द्वारा योजना के 70 लाख 12 हजार 800 पात्र हितग्राही आवेदकों को 655 करोड़ 57 लाख रुपए की राशि डीबीटी के माध्यम से बटन दबाकर अंतरित की गई। इस योजना के तहत अब छत्तीसगढ़ में विवाहित माताओं बहनों को प्रतिमाह 1 हजार रुपए मिलेंगे। योजना से दुर्ग जिले के 4 लाख 5 हजार 319 महिला हितग्राही लाभांवित हुई हैं।
जिला मुख्यालय दुर्ग के विवेकानंद सभागार पदमनाभपुर में विधायक गजेन्द्र यादव के मुख्य आतिथ्य में जिला स्तरीय महतारी वंदन सम्मेलन सम्पन्न हुआ। सम्मेलन में संभागायुक्त एसएन राठौर, कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी, जिला पंचायत के सीईओ अश्वनी देवांगन, नगर निगम के महापौर धीरज बाकलीवाल व अन्य पदाधिकारी गण सम्मिलित हुए। सम्मेलन का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक गजेन्द्र यादव ने दीप प्रज्जवलित कर किया। सम्मेलन को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने वर्चुअली संबोधित किया।
दुर्ग में आयोजित सम्मेलन में विधायक गजेन्द्र यादव ने अपने संक्षिप्त उद्बोधन में छत्तीसगढ़ में महिला सशक्तिकरण के लिए महतारी वंदन योजना को प्रथम सीढ़ी बताया। उन्होंने योजना अंतर्गत जिले के लाभान्वित पात्र हितग्राहियों को अपनी शुभकामनाएं दी। यादव ने अपने कर कमलों से नए राशनकार्ड और खाद्यान कैरी बैग हितग्राहियों को प्रदान किया। सम्मेलन को महापौर धीरज बाकलीवाल ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित थी।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal


