- चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी अरुण वोरा को हराने और सोशल मीडिया में पार्टी के खिलाफ बयानबाजी के कारण भेजा गया नोटिस
- एमआईसी का पुनर्गठन करने की मांग भी उठी
द सीजी न्यूज
दुर्ग। नगर निगम के एमआईसी मेंबर ऋषभ जैन और वरिष्ठ कांग्रेस पार्षद मदन जैन को कांग्रेस कमेटी द्वारा कारण बताओ नोटिस भेजा गया है। शहर जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग के अध्यक्ष गया पटेल ने जारी नोटिस में विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी अरुण वोरा के खिलाफ काम करने और सोशल मीडिया में लगातार अनुशासनहीनता करने के कारण दोनों पार्षदों को नोटिस जारी किया है। नोटिस में कहा गया है कि इससे पार्टी की छवि धूमिल हुई है। दोनों को सात दिनों के भीतर नोटिस का लिखित जवाब देने कहा गया है।
गौरतलब है कि दोनों कांग्रेस पार्षदों के खिलाफ लगातार शिकायतें शहर जिला कांग्रेस कमेटी से की गई है। विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी अरुण वोरा को हराने और पार्टी के खिलाफ काम करने की शिकायतें चुनाव नतीजे आने से पहले ही लगातार मिलती रही हैं। हाल ही में लोकसभा चुनाव की तैयारी के सिलसिले में शहर कांग्रेस की बैठक में भी दोनों पार्षदों को पार्टी से निष्कासित करने की मांग की गई। पूर्व पार्षद प्रकाश गीते सहित कई वरिष्ठजनों ने अनुशासनहीनता और पार्टी के खिलाफ काम करने वालों को पार्टी से निकालने की मांग की। इसके बाद अब शहर कांग्रेस अध्यक्ष गया पटेल ने दोनों पार्षदों को नोटिस जारी किया है।
नगर निगम की सामान्य सभा में भी सत्तारूढ़ कांग्रेस के खिलाफ बयानबाजी की
नगर निगम की सामान्य सभा में भी मदन जैन और ऋषभ जैन ने कई प्रस्तावों पर सत्तारूढ़ कांग्रेस पार्टी का साथ देने की बजाय विपक्ष की हां में हां मिलाई। इससे पहले भी कई मौकों पर सामान्य सभा में कांग्रेस के दोनों पार्षदों पर पार्टी लाइन से हटकर विपक्षी भाजपा पार्षदों का साथ देने के कारण पार्टी से निष्कासन की मांग उठ चुकी है।
एमआईसी का पुनर्गठन करने की मांग
इस पूरे घटनाक्रम का असर नगर निगम की राजनीति पर भी पड़ रहा है। कांग्रेस के कई पार्षदों और पूर्व पार्षदों, संगठन पदाधिकारियों ने पूर्व विधायक अरुण वोरा और महापौर धीरज बाकलीवाल से एमआईसी का पुनर्गठन करने की मांग की है। दरअसल पिछले निगम चुनाव के दौरान भाजपा से निष्कासित हो चुकी पार्षद जयश्री जोशी ने कांग्रेस प्रवेश किया था। पार्षद चुने जाने के बाद उन्हें एमआईसी मेंबर बनाया गया। हाल ही में जयश्री ने कांग्रेस छोड़कर भाजपा में प्रवेश कर लिया है। इसके अलावा ऋषभ जैन को भी कांग्रेस से निष्कासित करने की मांग लगातार उठ रही है। कांग्रेस नेताओ का कहना है कि जयश्री जोशी और ऋषभ जैन के स्थान पर निष्ठावान कांग्रेस पार्षद को एमआईसी मेंबर बनाया जाए। जरूरी है कि एमआईसी का पुनर्गठन कर लिया जाए।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal

