Breaking News

राज्य में भाजपा की सरकार ने गरीब, किसान, मजदूर की सारी योजनाएं बंद कर दी – भूपेश बघेल

द सीजी न्यूज

दुर्ग। कांग्रेस पार्टी ने दुर्ग लोकसभा चुनाव के लिए राजीव भवन (कांग्रेस भवन) को केन्द्रीय चुनाव कार्यालय बनाया है। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शनिवार को लोकसभा प्रत्याशी राजेन्द्र साहू सहित कांग्रेस के पूर्व मंत्रियों, विधायक, पूर्व विधायकों, जिलाध्यक्षों व नौ विधानसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में उद्घाटन किया। उद्घाटन के साथ आयोजित किये गए कार्यकर्ता सम्मेलन में भारी भीड़ जुटी।

कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि लोकसभा का यह आम चुनाव नहीं है, बल्कि यह खास चुनाव है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को मतदाताओं के पास स्थानीय, प्रादेशिक व राष्ट्रीय मुद्दों को लेकर मजबूती के साथ जाना है। इस चुनाव में भाजपा ने 400 पार का नारा दिया है, ताकि वे महापुरुष डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा तैयार किए गए संविधान में परिवर्तन कर सके। भाजपा संवैधानिक एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है। भाजपा के खिलाफ बोलने की आजादी छीन ली गई है। जिसने भी खिलाफत की, उस पर ईडी, आईटी व अन्य एजेंसियों ने शिकंजा कसा है। इस वजह से लोकतंत्र व संविधान खतरे में आ गया है।

भूपेश ने कहा कि यह लोकसभा चुनाव देश की जनता की लड़ाई है। लोकतंत्र को सुरक्षित रखने के लिए यह लड़ाई हमें मिलकर लड़नी है। मोदी की गारंटी को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आड़े हाथों लेते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में भाजपा ने बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन 4 माह के कार्यकाल के बाद भी मोदी की गारंटी को राज्य की भाजपा सरकार धरातल पर नहीं उतार पाई है। कहा गया था कि किसानों को वर्ष 17 और 18 के धान खरीदी का बकाया बोनस दिया जाएगा, लेकिन राज्य सरकार द्वारा वर्ष 14, 15 और 16 के आधार पर बोनस दे दिया गया है, जबकि इन वर्षों में छत्तीसगढ़ में अकाल की स्थिति निर्मित हुई थी। यह बोनस की राशि भी सभी किसानों के बैंक खातों में नहीं पहुंची है। इस वर्ष की धान खरीदी की राशि भी किसानों को एकमुश्त नहीं दी गई। यह राशि पंचायत भवन में देने का भाजपा ने वादा किया था, लेकिन यह वादा भी झूठा निकला। इस वर्ष की धान खरीदी की बोनस राशि 12 मार्च को दी भी गई, तो किसान अपने बैंक खातों से 30 हजार से ज्यादा की रकम निकाल भी नहीं पा रहे है।

महतारी वंदन योजना अंतर्गत मार्च माह में महिलाओं को 1 हजार रुपए बैंक खातों में डाला गया है, लेकिन अगले 3 माह की राशि महिलाओं को कौन देगा ? यह बड़ा सवाल बना हुआ है। इस योजना के लिए महिलाओं को बैंको का बार-बार चक्कर काटना पड़ा है। उज्जवला योजना में भी राज्य की भाजपा सरकार महिलाओं के साथ छल कर रही है। मोदी की गारंटी को पूरा करने में राज्य की भाजपा सरकार ने कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई है, लेकिन राज्य की पूर्व कांग्रेस सरकार की योजनाओं को जरूर बंद कर दिया गया। गोबर खरीदी, वर्मी कम्पोस्ट, राजीव युवा मितान क्लब, बेरोजगारी भत्ता, 18 लाख आवास आबंटन व अन्य योजनाएं बंद कर दिए गए है।

35 किलो मिलने वाला खाद्यान्न अब 5 किलों मिलेगा। राज्य के पूर्व कांग्रेस सरकार के इन योजनाओं के बंद होने से लोगों को बड़ा नुकसान उठाना पड़ेगा। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि राज्य की भाजपा सरकार कांग्रेस पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाने से थक नहीं रही है, लेकिन उल्टा अब भाजपा का भ्रष्टाचार वाला चेहरा सामने आ गया है। कोयला घोटाला में नाम आने वाले चिंतामणि महाराज के भाजपा में प्रवेश करते ही वे मोदी के वाशिंग मशीन में धुलकर साफ हो गए है। खाद्यान्न मामले में राज्य की भाजपा सरकार भ्र्ष्टाचार में लिप्त है। भाजपा का अब चंदा दो धंधा लो नारा बन गया है।

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कार्यकर्ता सम्मेलन में मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं व आम लोगों को दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के कांग्रेस प्रत्याशी राजेन्द्र साहू को जिताने का आव्हान करते हुए कहा कि राजेन्द्र साहू कांग्रेस के एक सामान्य कार्यकर्ता है। सामान्य कार्यकर्ता पर कांग्रेस ने भरोसा जताया है। इसलिए एक-एक कार्यकर्ता इस चुनाव में अपने आप को प्रत्याशी मानकर कार्य करें और लोकतंत्र व संविधान के लिए खतरा उत्पन्न करने वाले भाजपा को उखाड़ फेंके। बघेल ने कांग्रेस के चुनावी घोषणा पत्र का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस नारी न्याय योजना के तहत गरीब महिलाओं को साल में 1 लाख रुपए प्रोत्साहन राशि देगी। इसके अलावा घोषणा पत्र के अन्य योजनाओं को मतदाताओं के घर-घर तक पहुंचाने कार्यकर्ताओं से आव्हान किया।

मंच संचालन दुर्ग ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष निर्मल कोसरे ने किया। सम्मलेन में पूर्व विधायक अरुण वोरा ने कार्यकर्ताओं से कहा कि सभी कमर कस लें तो राजेन्द्र साहू की जीत निश्चित है। प्रदीप चौबे के कहा कि आज जनता इलेक्टोरल बांड व धर्म की राजनीति करने वालो का सच जान चुकी है। देश मे केंद्र सरकार आर्थिक , विदेश नीति व पड़ोसी देशों से संबंध सहित सभी विषयों पर फेल है। रुपया गिरने पर उस देश के शीर्ष नेतृत्व की साख गिरती है, ऐसा बोलने वाले नेता आज रुपये की स्थिति को देख कर अपनी साख निर्धारित करें।

भिलाई विधायक एवं बिलासपुर लोकसभा प्रत्याशी देवेंद्र यादव ने कार्यकर्ताओं और युवाओ में जोश भरते हुए कहा कि दुर्ग लोकसभा प्रत्याशी सहज-सरल, मिलनसार और सभी के सुख-दुख में शामिल होते है। कार्यकर्ता सम्मेलन में पूर्व मंत्री रविन्द्र चौबे, रुद्रकुमार, बीडी कुरैशी, प्रतिमा चंद्राकर, पूर्व महापौर आरएन वर्मा, बेमेतरा अध्यक्ष बंशी पटेल, शहर कांग्रेस अध्यक्ष गया पटेल, भिलाई कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर, दुर्ग कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष अलताफ अहमद ,अजय मिश्रा, सभापति राजेश यादव, क्षितिज चन्द्राकर, प्रदेश युकां महामंत्री संदीप वोरा, जिला ग्रामीण युवा कांग्रेस अध्यक्ष जयंत देशमुख, प्रदेश एनएसयूआई उपाध्यक्ष सोनू साहू, शिवाकांत तिवारी, राहुल शर्मा, सुमीत वोरा के अलावा 9 विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता बड़ी संख्या में जुटे।

Check Also

प्रारंभिक मतदाता सूची में भारी विसंगति : विधायक देवेन्द्र बोले – आपत्ति पर सुनवाई नहीं हुई तो जाएंगे कोर्ट

वार्डो की सीमाएं विभाजित कर मतदाताओं के बूथ बदलने का है  मामला  THE CG NEWS …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!