- छत्तीसगढ़ से राज्यसभा सांसद बनाने की बात आई तो किसी आदिवासी या पिछड़े वर्ग के व्यक्ति को क्यों नहीं बनाया – गजेंद्र यादव
द सीजी न्यूज
भाजपा विधायक गजेंद्र यादव ने राहुल गांधी पर पलटवार करते हुए कई सवाल पूछे हैं। गजेंद्र यादव ने कहा कि पहली बार आदिवासी राष्ट्रपति चुनने का मौक़ा आया तो कांग्रेसियों ने उसका विरोध करने में जी जान लगा दी। छत्तीसगढ़ के आदिवासियों के वोट से बने विधायकों को भी मजबूर किया कि महामहिम मुर्मू के खिलाफ वोट दें। आदिवासियों के विरुद्ध साजिश कर जब कांग्रेस मुर्मू को हरा नहीं पाई तो इनके नेता बौखलाहट में राष्ट्रपति को ‘राष्ट्रपत्नी’ कह कर मजाक उड़ाने लगे।
यादव ने कहा कि जब राज्यसभा भेजने की बारी आई तो सारी सीटों को बेच डाला। छत्तीसगढ़ के किसी आदिवासी या दलित या पिछड़े वर्ग के नेता को वहाँ भेजने की जहमत नहीं उठाई। अब घड़ियाली आसूँ बहा रहे। छत्तीसगढ़ में भूपेश सरकार के कार्यकाल में लगभग 40 हज़ार आदिवासी बच्चे इलाज के अभाव में मर गए। तब राहुल की ज़ुबान को क्या हो गया था ? पचास वर्षों तक आदिवासी-दलितों-पिछड़ों का हक़ नहीं दिया। छत्तीसगढ़ को लूटते रहे।
भाजपा ने राज्य बनाया आदिवासी बहुलता के कारण और पहला आदिवासी मुख्यमंत्री भी भाजपा ने दिया। छत्तीसगढ़ भाजपा विधायक गजेंद्र यादव ने कहा कि राहुल गांधी रोज मूर्खता का नया अध्याय रच रहे हैं। इन्हें इतना भी नहीं मालूम कि समाचार संस्थानों में नियुक्ति सरकार नहीं करती है। देश इनके पिता के जमाने से काफी आगे निकल गया है, जब दूरदर्शन को ‘राजीव दर्शन’ कहा जाता था। कोरोना के समय बाक़ायदा पत्र लिख कर इनकी मां सोनिया गांधी ने कहा था कि मीडिया को विज्ञापन रोक देने से कोरोना समाप्त हो जायेगा। यादव ने कहा कि कांग्रेस को मीडिया विज्ञापन का पैसा भी केवल नेशनल हेराल्ड के लिये चाहिए।
यादव ने कहा राहुल गांधी आदतन झूठ बोलने वाले व्यक्ति हैं। मोदी सरकार ने 4 लाख करोड़ से ज्यादा डूबा हुआ पैसा वसूल कर गरीबों को उनका हक दिया है। मनमोहन सरकार के दूसरे कार्यकाल में बहुत से गलत लोगो को पिछली कांग्रेस सरकार के मंत्रियों के फोन द्वारा बैंको से लोन देने दबाव डाला जाता था। गलत लोगों को नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए पैसा दिया गया, उसमे से भी कई लाख करोड़ मोदी सरकार ने वसूल कर दिखाए है। राहुल गांधी का दुष्प्रचार काम नही आयेगा। अच्छा होता कि वो छत्तीसगढ़ आकर आदिवासियों और पिछड़े वर्ग के लोगो से माफी मांगते, क्योंकि आदिवासियों का उन्होंने हक मारा है, विरोध किया है और पिछड़े वर्ग को गाली दी है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
