- कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी ने अधिकारियों को दिये माइक्रो प्लान बनाने के निर्देश
- वाहन के लिए रूटचार्ट और बूथवार वरिष्ठ नागरिकों की चिन्हित सूची तैयार की जाएगी
- हेल्प लाइन नंबर 1950 व जिला निर्वाचन कंट्रोल रूम दूरभाष 0788-2210180 पर कर सकते हैं संपर्क
- बीएलओ के माध्यम से भी वरिष्ठ नागरिक नाम दर्ज करा सकते हैं
- मतदान केन्द्रों में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएगी
द सीजी न्यूज
दुर्ग / कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ऋचा प्रकाश चौधरी ने आज अधिकारियों की बैठक में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों का हवाला देते हुए बताया कि जिले में मतदान दिवस 7 मई 2024 को दिव्यांग और 80 वर्ष से अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिक वर्ग के मतदाताओं को निःशुल्क परिवहन सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। मतदान केन्द्रवार दिव्यांग और वरिष्ठ नागरिकों का चिन्हांकन कर ऐसे मतदाताओं के द्वारा मांग किये जाने पर मतदान के दिन उनके आवास स्थल से मतदान केन्द्र तक लाने और मतदान के बाद उनके आवास तक छोड़ने वाहन की व्यवस्था की जाएगी।
कलेक्टर ने अधिकारियों को व्यवस्था की बेहतर क्रियान्वयन हेतु माइक्रो प्लान बनाने के निर्देश दिये हैं। अधिकारियों को सेक्टर औक बूथवार वरिष्ठ नागरिकों की चिन्हांकित सूची तैयार करने कहा गया। उन्होंने आरटीओ को मांग के अनुरूप वाहन उपलब्ध कराने टाटा मैजिक वाहन और स्कूलों की छोटी वाहन की व्यवस्था के लिए निर्देशित किया। कलेक्टर ने कहा कि जिले में नगरीय निकायों के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी मतदाता रथ की व्यवस्था की जाएगी। नगरीय निकायों में ई-रिक्शा का भी उपयोग वरिष्ठ नागरिकों को मतदान केन्द्रों तक लाने ले जाने हेतु उपयोग किया जाएगा।
कलेक्टर ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों द्वारा मांग किये जाने पर यह सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए वे निर्वाचन ’’हेल्पलाईन नंबर 1950 या जिला निर्वाचन कंट्रोल रूम के दूरभाष नंबर 0788-2210180 पर कॉल कर सकते हैं’’। इसके अलावा संबंधित क्षेत्र के बीएलओ के माध्यम से नाम दर्ज करा सकते हैं। बैठक में एडीएम अरविन्द एक्का, नगर निगम भिलाई के आयुक्त देवेश ध्रुव, जिला पंचायत के सीईओ अश्वनी देवांगन, उप जिला निर्वाचन अधिकारी अपर कलेक्टर बी.के. दुबे, दुर्ग नगर निगम के आयुक्त लोकेश चन्द्राकर, रिसाली नगर निगम के आयुक्त मोनिका वर्मा, नगर निगम भिलाई-3 चरौदा के आयुक्त डी. राजपूत, अपर कलेक्टर योगिता देवांगन व सभी एसडीएम और नगरीय निकाय एवं जनपद पंचायत के अधिकारी उपस्थित थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
