द सीजी न्यूज
दुर्ग। कांग्रेस प्रत्याशी राजेंद्र साहू ने आज दुर्ग लोकसभा चुनाव अभियान के तहत वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र के वार्डों में सघन जनसंपर्क किया। वैशाली नगर में हर वार्ड में उनका ऐतिहासिक स्वागत किया गया। वार्डवासियों ने उन्हें फूलमालाओं से लाद दिया। राजेंद्र साहू को मतदाताओं का भरपूर समर्थन मिल रहा है। उनके साथ भिलाई नगर निगम के महापौर नीरज पाल, सभापति गिरवर बंटी साहू, जिला कांग्रेस कमेटी भिलाई के अध्यक्ष मुकेश चन्द्राकर, पूर्व साडाध्यक्ष बृजमोहन सिंह, एमआईसी सदस्य सन्दीप निरंकारी, वार्ड 19 के पार्षद रामानन्द मौर्य, वार्ड 21 की पार्षद नेहा साहू, वार्ड 16 के पार्षद केशव चौबे मौजूद रहे।
इन वार्डों में जनसभा का आयोजन भी किया गया। जनसभाओं को सम्बोधित करते हुए राजेन्द्र साहू ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने एक आम कार्यकर्ता को लोकसभा का टिकट दिया है। मुझ जैसे आम कार्यकर्ता को टिकट देकर यह संदेश दिया है कि कांग्रेस पार्टी गरीबों, किसानों और मजदूरों की पार्टी है। भारतीय जनता पार्टी उद्योगपतियों की पार्टी है। भाजपा की केंद्र सरकार ने सोलह लाख करोड़ रुपए का उद्योगपतियों का कर्जा माफ कर दिया। जबकि, छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार ने किसानों का दस हजार करोड़ रुपये का कर्जा माफ किया, जिससे कर्ज में डूबे किसानों को बहुत बड़ी राहत मिली। कांग्रेस ने स्वामी आत्मानन्द स्कूलों की सौगात दी थी जिसमें सभी को निशुल्क शिक्षा दी जाती थी लेकिन भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने फीस लेना चालू कर दिया है।
राजेंद्र ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी बदले के भावना की राजनीति करती है। जहां-जहां कांग्रेस की सरकार थी, वहां ईडी के छापे पड़वाए गए। देश को दो गुजराती बेच रहे हैं और दो गुजराती खरीद रहे हैं। बेचने वाले का नाम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह है। खरीदने वाले का नाम है अम्बानी और अडानी। दुर्ग जिले में जामुल स्थित एसीसी सीमेंट प्लान्ट दो साल पहले ही बिक चुका है। अब भिलाई इस्पात संयंत्र की बारी है, क्योंकि भारतीय जनता पार्टी सरकारी उपक्रमों का निजीकरण करने की पूरी तैयारी कर चुकी है। उद्योगपतियों की गिद्ध नजर भिलाई इस्पात संयंत्र पर है। अगर उसे बचाना है तो केंद्र में भारी बहुमत से कांग्रेस की सरकार बनाना होगा।
राजेंद्र ने कहा कि ऐसा सांसद चुनिए जो सहज, सरल और आसानी से उपलब्ध होने वाला हो। मौजूदा सांसद और भाजपा प्रत्याशी विजय बघेल ने पांच साल में एक बार भी अपनी शक्ल नही दिखाई। न ही आपके सुख दुख में कभी शामिल हुए। राजेंद्र साहू ने कहा कि जब देश में डॉक्टर मनमोहन सिंह की अगुवाई वाली कांग्रेस की सरकार थी तब लोग अमन चैन और भाईचारे की मिसाल पेश करते हुए सभी धर्मों के लोग मिलजुलकर सभी त्योहार मनाते थे, लेकिन आज देश के हालात बहुत खराब है।
राजेंद्र साहू ने कहा कि कांग्रेस भारतीय संविधान के निर्माता डॉक्टर भीम राव आम्बेडकर द्वारा लिखित संविधान का पालन करने वाली पार्टी है, जबकि भारतीय जनता पार्टी की सरकार अब की बार चार सौ पार का नारा दे रही है ताकि देश का संविधान बदल सके। अगर भारतीय संविधान से छेड़छाड़ की गई तो देश में अराजकता का माहौल बन जाएगा और लोकतंत्र खतरे में पड़ जाएगा। जनसभा में वार्ड नम्बर 40 के पार्षद शंकर राव शीतल वर्मा रत्ना चन्द्राकर सुरेश भाई राजू गौतम विमल पाल नन्द कुमार कश्यप इतवारी देवांगन प्रदीप गुलदीप गंगा वर्मा पूर्णिमा साहू सुशीला देवांगन राम कुमार मनहर गोविंद देशलहरे जोहन सिन्हा उपस्थित थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal




