द सीजी न्यूज
कल रात जर्मनी से लौटते ही एयरपोर्ट पर गिरफ्तार किये गए रेवन्ना को आज कोर्ट में पेश किया गया। पुलिस ने कोर्ट से 14 दिनों की रिमांड मांगी। दलीलें सुनने के बाद कोर्ट ने 6 जून तक पुलिस की रिमांड पर भेज दिया है।
महिलाओं से रेप के आरोपित प्रज्वल रेवन्ना की गिरफ्तारी को जिस पुलिस टीम ने अंजाम दिया था, उसमें सभी महिलाएं थीं। बेंगलुरु एयरपोर्ट पर 30 मई की आधी रात के बाद जर्मनी से आई फ्लाइट से आए रेवन्ना को 3 महिला पुलिस अफसरों ने गिरफ्तार किया। कर्नाटक हाईकोर्ट से बेल एप्लीकेशन रिजेक्ट होने के बाद रेवन्ना भारत लौटा है। जनता दल सेक्युलर के वरिष्ठ नेता और पूर्व पीएम एचडी देवेगौड़ा के पोते रेवन्ना ने हासन लोकसभा क्षेत्र से इस बार का चुनाव लड़ा है।
आरोपों के अनुसार रेवन्ना के तीन हजार से ज्यादा अश्लील वीडियो की क्लिप की जानकारी है। आरोपों के अनुसार रेवन्ना ने जबरन युवतियों से बलात्कार किया और अश्लील वीडियो क्लिप बना लिये। सूत्रों के अनुसार जांच टीम को ऐसे सभी वीडियो क्लिप्स की पेन ड्राईव मिल चुकी है।
क्या है कर्नाटक सेक्स स्कैंडल
- प्रज्वल रेवन्ना के खिलाफ उनके घर में काम करने वाली महिला ने यौन उत्पीड़न की शिकायत की थी। 26 अप्रैल को बेंगलुरु में पब्लिक प्लेसेस में कई पेन ड्राइव मिलीं।
- दावा किया गया कि पेन ड्राइव में 3 हजार से 5 हजार वीडियो हैं, जिनमें प्रज्वल को कई महिलाओं के साथ यौन उत्पीड़न करते देखा गया। महिलाओं के चेहरे भी ब्लर नहीं किए गए।
- मामला बढ़ने पर राज्य सरकार ने SIT बनाई। प्रज्वल के खिलाफ रेप, छेड़छाड़, ब्लैकमेलिंग और धमकी देने के आरोपों समेत तीन FIR दर्ज की गईं।
- SIT ने जांच में खुलासा किया कि प्रज्वल ने 50 से ज्यादा महिलाओं का सेक्सुअल हैरेसमेंट किया था। इनमें 22 साल से 61 साल तक की महिलाएं हैं।
- 50 में से करीब 12 महिलाओं से जबर्दस्ती संबंध बनाए गए, यानी उनका रेप हुआ। बाकी महिलाओं को अलग-अलग तरह का लालच देकर सेक्सुअल फेवर लिया।
- प्रज्वल ने किसी को सब-इंस्पेक्टर, किसी को तहसीलदार तो किसी को फूड डिपार्टमेंट में नौकरी दिलवा दी।
27 अप्रैल को जर्मनी भागा था रेवन्ना
रेप का वीडियो सामने आने के बाद वह 27 अप्रैल को जर्मनी भाग गया था। जिन पुलिस अफसरों ने उसे गिरफ्तार किया उनमें आईपीएस सुमन डी पेन्नेकर और सीमा लतकर शामिल थीं। वे रेवन्ना को गिरफ्तार करने के बाद सीआईडी मुख्यालय ले गईं। एसआईटी सूत्र ने बताया कि प्रज्वल को गिरफ्तार करने के लिए सभी महिला अधिकारियों को भेजने का कदम जानबूझकर उठाया गया। इस कदम से यह संदेश गया कि जद(एस) नेता रेवन्ना ने एक सांसद के रूप में अपने पद और शक्ति का महिलाओं के खिलाफ दुरुपयोग किया। उन्हीं महिलाओं के पास कानूनी कार्यवाही के जरिए उन्हें गिरफ्तार करने का अधिकार है। ऐसा कर पीड़िताओं को यह प्रतीकात्मक संदेश भी दिया गया कि महिला अधिकारी किसी से नहीं डरतीं।
दरअसल, 33 साल के प्रज्वल पर महिलाओं का यौन शोषण करने का आरोप है। उसके खिलाफ अभी तक यौन उत्पीड़न के तीन मुकदमे दर्ज हो चुके हैं। हासन से सांसद प्रज्वल ने एनडीए की ओर से चुनाव लड़ा है। कर्नाटक के गृह मंत्री जी. परमेश्वर ने शुक्रवार को कहा कि महिलाओं के यौन उत्पीड़न के आरोपों का सामना कर रहे प्रज्वल रेवन्ना को प्रक्रिया पूरी करने के बाद गिरफ्तार किया गया। आगे की कानूनी कार्यवाही जारी रहेगी।
रेवन्ना के दादा पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा ने दी थी भारत लौटने की चेतावनी
प्रज्वल का भारत लौटने का बयान वाला वीडियो पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा और उनके दादा की 23 मई को दी चेतावनी के 3 दिन बाद आया था। देवगौड़ा ने कहा था कि प्रज्वल भारत लौट आएं और जांच का सामना करें। इस मामले की जांच में हमारे परिवार की तरफ से कोई दखलअंदाजी नहीं की जाएगी। देवगौड़ा ने कहा था कि मैं प्रज्वल से रिक्वेस्ट नहीं कर रहा, बल्कि चेतावनी दे रहा हूं। अगर वे इस चेतावनी को नहीं मानता है तो उसे मेरा और पूरे परिवार का गुस्सा झेलना पड़ेगा। उस पर लगे आरोपों को कानून देखेगा, लेकिन अगर वह मेरी बात नहीं सुनेगा तो हम उसे अकेला छोड़ देंगे। अगर उसके मन में मेरे लिए इज्जत है तो उसे तुरंत लौट आना चाहिए।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
