द सीजी न्यूज
दुर्ग। छत्तीसगढ़ में विष्णुदेव साय सरकार को छह माह पूरे हो गये हैं। विधायक गजेंद्र यादव ने प्रदेश के नागरिकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में डबल इंजन की सरकार जनता के उम्मीद के अनुरूप खरी उतरी है। विधानसभा चुनाव की तरह लोकसभा चुनाव में भी मतदाताओं ने बीजेपी पर भरोसा जताया है। देश के इतिहास में पहली राज्य सरकार है जिसने सिर्फ 4 महीने में ही 22 हजार करोड़ से अधिक की राशि विभिन्न योजनाओं के तहत हस्ताँतरित कर किसानों, गरीबों, महिलाओं को लाभान्वित किया है। सरकार ने बहुत ही कम समय में चुनाव में जनता से किये प्रमुख वादों को पूरा कर सुशासन का नया अध्याय लिखा है।
गजेंद्र ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 6 महीनों में ही छत्तीसगढ़ में ग्रामीण विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, माओवादी समस्या का निदान और बुनियादी ढांचे के विकास के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। सोशल मीडिया पर जनता के सकारात्मक प्रतिक्रियाओं से यह स्पष्ट है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के त्वरित निर्णय-सख्त प्रशासन को सराहा जा रहा है और संवरते छत्तीसगढ़ के प्रति लोग आश्वस्त हैं।
विधायक गजेंद्र यादव ने कहा कि साय सरकार ने पहले ही केबिनेट बैठक में गरीबों के खुद का पक्का मकान का सपना पूरा करने 18 लाख आवास बनाने मंजूरी, 13 लाख किसानों को 2 साल का बकाया बोनस, कृषि उन्नत योजना अंतर्गत किसानों से 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी, महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को सशक्त बनाने प्रतिमाह 1000 रूपये हस्ताँतरित करने जैसे महत्वपूर्ण निर्णय लिये। दुर्ग शहर विधानसभा में विकास कार्य के लिए साय सरकार द्वारा कई सौगातें दी गई हैं। इन कार्यों के लिए गजेंद्र यादव ने दुर्ग शहर के समस्त नागरिकों की ओर से मुख्यमंत्री का आभार जताया है।
साय सरकार ने छह माह के कार्यकाल में दुर्ग शहर को दी कई सौगातें
- 2.40 करोड़ से शहर के 8 मुक्तिधाम का जीर्णोद्धार करने एक साथ भूमिपूजन किया गया
- रविशंकर स्टेडियम के पास 1.5 करोड़ की लागत से इंडोर बैडमिंटन कोर्ट निर्माण और कलेक्टर परिसर के शताब्दी गार्डन में लैंडस्केपिंग कार्य के लिए भूमिपूजन
- लगभग 1 करोड़ की राशि से शहर के 30 स्थानों पर मंच निर्माण हेतु भूमिपूजन किया गया
- दुर्ग शहर में सौर ऊर्जा से संचालित 16 नग हाई मास्क लाइट की स्वीकृति
- धमधा नाका में नया ओवरब्रिज बनाने की योजना बजट में शामिल
- दुर्ग शहर के दो प्रमुख मार्ग को फोरलेन और टू लेन सड़क बनाया जाएगा
- शहर के 7 तालाब को जोड़कर गंदा पानी बाहर निकालने और बारिश के जलभराव की समस्या से निजात दिलाने परियोजना
- निगम क्षेत्र में सड़क, नाली जैसे मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगभग 21 करोड़ की स्वीकृति मिल चुकी है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
