रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेशवासियों को दशम् अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं दी हैं। योग दिवस की पूर्व संध्या पर आज यहां जारी अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा है कि योग मूल रूप से शरीर, मन और आत्मा को शुद्ध करने की एक प्रक्रिया है। इससे शारीरिक शक्ति के साथ हमें सकारात्मकता और आंतरिक भावनात्मक मजबूती भी मिलती है। वास्तव में योग स्वस्थ, तनावमुक्त और अनुशासित जीवन जीने की एक शैली है।
साय ने कहा है कि योग को निरोग रहने का उत्तम साधन माना गया है। यह भारत की प्राचीन परंपरा है। हमारे ऋषि-मुनियों ने इसके महत्व को बहुत पहले से ही जान लिया था। अब पूरा विश्व योग का महत्व समझ रहा है। हर साल 21 जून को पूरा विश्व योग दिवस मनाता है। सभी लोग अपने स्वास्थ्य के लिए योग करें। साय ने कहा है कि शारीरिक ऊर्जा, स्वास्थ्य और रोग प्रतिरोधक क्षमता के विकास पर योग का काफी सकारात्मक प्रभाव देखने को मिला है। उन्होंने लोगों से योग के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने और इसे जीवन शैली का हिस्सा बनाने की अपील की है।
सभी जिला मुख्यालयों में आयोजित योगाभ्यास में शामिल होंगे अतिथि
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 21 जून के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में सुबह 7 बजे योगाभ्यास करेंगे। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े करेंगी। उपमुख्यमंत्री अरूण साव कोरबा और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा दुर्ग जिले में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
बिलासपुर में केन्द्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, कांकेर में सांसद बृजमोहन अग्रवाल, कोरिया में मंत्री रामविचार नेताम, महासमुंद में मंत्री दयालदास बघेल, नारायणपुर में मंत्री केदार कश्यप, कबीरधाम में मंत्री लखनलाल देवांगन, बलौदाबाजार में मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल, जांजगीर-चांपा में मंत्री ओ.पी.चौधरी, धमतरी में मंत्री टंकराम वर्मा, राजनांदगांव में सांसद संतोष पाण्डेय, सरगुजा में सांसद चिन्तामणी महाराज, जशपुर में सांसद राधेश्याम राठिया, सुकमा में सांसद महेश कश्यप, गरियाबंद में सांसद रूपकुमारी चौधरी, बेमेतरा में सांसद विजय बघेल, बालोद में सांसद भोजराज नाग, सक्ती में सांसद कमलेश जांगड़े, रायगढ़ में सांसद देवेन्द्र प्रताप सिंह, बस्तर में विधायक किरण देव, दंतेवाड़ा में विधायक चैतराम अटामी, बीजापुर में विधायक नीलकंठ टेकाम, कोण्डागांव में विधायक लता उसेण्डी, मुंगेली में विधायक पुन्नुलाल मोहले, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में विधायक रेणुका सिंह, सूरजपुर में विधायक भूलन सिंह मराबी, बलरामपुर में विधायक उद्देश्वरी पैकरा, गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही में विधायक प्रणव कुमार मरपची, मोहला-मानपुर-अम्बागढ़ चौकी में विधायक विक्रम उसेण्डी, सारंगढ़-बिलाईगढ़ में विधायक संपत अग्रवाल, खैरागढ़-छुईखदान में विधायक भावना बोहरा मुख्य अतिथि के तौर पर उपस्थित रहेंगी।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
