Breaking News

शहर कांग्रेस के नए अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर गहमागहमी बढ़ी : दुर्ग में वोरा की पसंद का पहली बार तीखा विरोध

  • शहर के कई प्रमुख नेताओं ने साफ कहा – कांग्रेस को और गर्त में नहीं डालना चाहते, सक्रिय और जुझारू अध्यक्ष की नियुक्ति जरूरी
  • पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज से सक्रिय अध्यक्ष नियुक्त करने की मांग

     

द सीजी न्यूज

छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव और लोकसभा चुनाव में करारी हार के बाद अब कांग्रेस के संगठनात्मक स्तर पर कई बदलावों की तैयारी चल रही है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पुनर्गठन के साथ ही शहर और ग्रामीण जिला कांग्रेस के अध्यक्ष बदले जाने की कवायद शुरू हो गई है। इसके बाद नए ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों समेत जिला स्तर पर कांग्रेस की नई कार्यकारिणी की नियुक्ति की जाएगी। माना जा रहा है कि अगले महीने कांग्रेस में नियुक्तियों का दौर शुरू हो जाएगा।

दुर्ग शहर कांग्रेस कमेटी के नए अध्यक्ष की ताजपोशी की सुगबुगाहट भी शुरू हो गई है। जानकारी के अनुसार पूर्व विधायक अरुण वोरा ने पूर्वी ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजकुमार पाली को शहर कांग्रेस अध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पास भेज दिया है। वोरा कैंप द्वारा वरिष्ठ कांग्रेस नेता परमजीत भुई का नाम भी आगे कर दिया है। वोरा की रणनीति यह है कि पाली का नाम कटा तो परमजीत को अध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव रखा जाएगा।

वोरा द्वारा सुझाए गए दोनों नामों पर कांग्रेस में बड़ी हलचल मची है। परमजीत भुई पिछले कई दशकों से कांग्रेस में सक्रिय हैं। लेकिन अध्यक्ष पद के लिए खास तौर पर सत्ता के खिलाफ विरोधी तेवर अपनाने के लिहाज से उन्हें उपयुक्त दावेदार नहीं माना जा रहा है। कांग्रेसी सूत्रों का कहना है कि परमजीत सिंह अक्सर शहर से बाहर रहते हैं। बढ़ती उम्र के साथ घटती सक्रियता के कारण भी उनको अध्यक्ष बनाए जाने पर सवाल उठ रहे हैं।

इधर, कांग्रेस के अंदरखाने से मिली जानकारी के अनुसार शहर कांग्रेस कमेटी के अंतर्गत पांचों ब्लाक कांग्रेस अध्यक्षों में सबसे कमजोर परफार्मेंस राजकुमार पाली की मानी गई है। पूर्वी ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष राजकुमार पाली की संगठनात्मक सक्रियता शून्य है। शहर कांग्रेस कमेटी के एक जिम्मेदार पदाधिकारी का कहना है कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी या शहर कांग्रेस कमेटी के निर्देशों का पालन करने में पूर्वी ब्लाक कांग्रेस कमेटी की परफार्मेंस सबसे कमजोर रही है। पाली का नाम आगे कर वोरा दुर्ग शहर में कांग्रेस संगठन को गर्त में डालने का काम कर रहे हैं।

इस प्रतिक्रिया से परे हटकर बात करें तो … वोरा के फैसले का विरोध शुरू हो गया है। वैसे भी, विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद वोरा की राजनीतिक साख को गहरा धक्का लगा है। लगातार घटती साख के बीच शहर कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए नाम आगे किये जाने के बाद अब कांग्रेस में वोरा के खिलाफ खुली बगावत शुरू होने के आसार नजर आ रहे हैं। शहर के ज्यादातर कांग्रेसी राजकुमार पाली को शहर अध्यक्ष के रूप में स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं हैं।

हालत ये है कि वोरा के इस फैसले को उनके कट्‌टर समर्थक ही मानने को तैयार नहीं हैं। इधर, शहर के प्रमुख कांग्रेस नेताओं का कहना है कि वोरा का फैसला विनाश काले विपरीत बुद्धि साबित होगा। कांग्रेस को मजबूत बनाने के लिए कद्दावर संगठन नेता की दरकार है। कमजोर शहर कांग्रेस अध्यक्ष की नियुक्ति से दुर्ग शहर में कांग्रेस की और दुर्गति होगी।

वोरा के फैसले से नाराज कांग्रेसजनों का कहना है कि नगर निगम के सभापति राजेश यादव, मदरसा बोर्ड के अध्यक्ष अलताफ अहमद, पूर्व महापौर आरएन वर्मा में से किसी एक को अध्यक्ष बनाना बेहतर होगा। 

इधर, कई कांग्रेसजनों ने स्पष्ट कहा कि वोरा की पसंद पर अगर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने मुहर लगा दी … तो दुर्ग में कांग्रेस का बचा-खुचा अस्तित्व भी समाप्त हो जाएगा…

Check Also

पीएम मोदी के 25 वर्षों की जनसेवा से बदली देश की तस्वीर, छत्तीसगढ़ को मिली विकास की नई सौगातें – केदार कश्यप

THE CG NEWS प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी  के सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के जनसेवा के …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!