Breaking News

मुख्यमंत्री निवास में 2 सितम्बर को तीजा-पोला का भव्य आयोजन

  • महतारी वंदन योजना के तहत 70 लाख महिलाओं के खातों में किया जाएगा एक-एक हजार रुपए का अंतरण

द सीजी न्यूज

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निवास पर कल सोमवार को छत्तीसगढ़ी संस्कृति और परंपरा के प्रतीक तीजा-पोरा तिहार के उपलक्ष्य में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय महतारी वंदन योजना के तहत 70 लाख महिलाओं के खातों में डीबीटी के माध्यम से एक-एक हजार रुपए अंतरित करेंगे। कार्यक्रम सुबह 11 बजे से शुरू होगा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय होंगे। अध्यक्षता छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह करेंगे। केन्द्रीय आवास एवं शहरी विकास मंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्रीद्वय अरुण साव, विजय शर्मा, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े अति विशिष्ट अतिथि होंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में कृषि मंत्री रामविचार नेताम, वन मंत्री केदार कश्यप, वित्त मंत्री ओपी चौधरी, खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल, उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल सहित विधायक राजेश मूणत, पुरन्दर मिश्रा, मोतीलाल साहू, अनुज शर्मा, इन्द्रकुमार साहू और गुरू खुशवंत साहेब शामिल होंगे।

तीजा-पोरा पर सजा विष्णु भैया का घर

छत्तीसगढ़ की गौरवशाली परंपरा हरेली पर्व मनाने के बाद अब विष्णु भैया का घर यानी मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का मुख्यमंत्री निवास तीजा-पोरा के पारंपरिक गौरव की झांकी तरह सज रहा है। मुख्यमंत्री निवास को मिट्टी के खूबसूरत नंदिया बइला और रंगीन खिलौनों से सजाया जा रही है। परंपरागत वंदनवार के रंग बिखरने लगे हैं। मुख्यमंत्री निवास में मुख्यमंत्री की पत्नी कौशल्या साय सजावट के साथ-साथ परंपरागत छत्तीसगढ़िया व्यंजनों के साथ ठेठरी-खुरमी बनाने की तैयारी भी करवा रही हैं। तीजा-पोरा तिहार से पहले मुख्यमंत्री साय अपने निवास से ही बटन दबाकर 70 लाख महिलाओं के खाते में महतारी वंदन के एक- एक हजार रुपए भी भेजने वाले हैं।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के रायपुर स्थित निवास में तीजा-पोरा का तिहार 2 सितम्बर को सुबह 11 बजे से उत्साह के साथ मनाया जाएगा। इसके लिए मुख्यमंत्री निवास परिसर में छत्तीसगढ़ की परम्परा और रीति-रिवाज के अनुसार साज-सज्जा की गई हैं। इस मौके पर नांदिया-बैला की पूजा की जाएगी। तीजा महोत्सव का आयोजन होगा। तीजा-पोरा त्यौहार के लिए कार्यक्रम में बहनों को आमंत्रित किया गया है। इस तरह महिलाओं के लिए मुख्यमंत्री निवास एक दिन के लिए मायका बन जाएगा।

कार्यक्रम में विशेष रूप से महतारी वंदन योजना से लाभान्वित महिलाएं, महिला स्वसहायता समूहों की महिलाए और मितानिनों सहित लगभग 3 हज़ार महिलाओं को आमंत्रित किया गया है। इस अवसर पर महिलाओं के कल्याण के लिए किए जा रहे कार्यक्रम, योजनाओं से अवगत कराने हेतु प्रदर्शनी व स्टॉल भी लगाया गया है।

महिलाओं के कल्याण की प्रचलित योजना एवं कार्यक्रम हेतु संस्कृति विभाग के माध्यम से सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी किया जाएगा, साथ ही खेल विभाग के समन्वय से महिलाओं के लिए खेल का भी आयोजन होगा। इस अवसर पर प्रतिभागी महिलाओं को राष्ट्रीय पोषण माह 2024 अंतर्गत शपथ पत्र का वाचन भी कराया जाएगा।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय राष्ट्रीय पोषण माह 2024 के अवसर पर पोषण एवं स्वास्थ्य से संबंधित पोस्टर का विमोचन भी करेंगे। मुख्यमंत्री साय कार्यक्रम स्थल से प्रदेश में सुपोषण रथ का संचालन हेतु सुपोषण रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना भी करेंगे।

Check Also

भ्रदेश्वर महाकाल शिव मंदिर में टाइल्स, मार्बल, ग्रेनाइट लगाने भूमिपूजन संपन्न

THE CG NEWS भिलाई। सेक्टर-5 स्थित भ्रदेश्वर महाकाल शिव मंदिर में 3 लाख की लागत …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!