द सीजी न्यूज
दुर्ग / संभागायुक्त सत्यनारायण राठौर और कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी ने आज जिले में बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों का मौका निरीक्षण किया। उन्होंने शिवनाथ नदी के किनारे पुलगांव राहत कैम्प में बाढ़ पीड़ितों से चर्चा की। संभागायुक्त सत्यनारायण राठौर द्वारा पूछे जाने पर ग्रामवासियों ने बताया कि सुबह नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण घरों में पानी घुसने लगा। नगर निगम के अधिकारी ने कोसरिया यादव समाज के माध्यम से संचालित यादव भवन में आश्रय दिलवाया है।
नगर निगम अफसरो ने उनके रहने की व्यवस्था के साथ भोजन व नाश्ते की भी व्यवस्था कराई। बाढ़ग्रस्त क्षेत्र के पीड़ित ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों पर लाया गया है। कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी ने अनुविभागीय अधिकारी हरवंश सिंह मिरी को बाढ़ग्रस्त क्षेत्र में निगरानी रखने के साथ-साथ पीड़ित परिवारों को सुरक्षित स्थान उपलब्ध कराने और भोजन, पेयजल व स्वास्थ्य सुविधाएं आदि का समुचित प्रबंध सुनिश्चित करने कहा है।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने जिले के ग्राम पंचायत भरदा का भ्रमण कर ग्रामवासियों से मुलाकात कर उनकी स्थिति जानी। ग्रामवासियों को सुरक्षित रहने के साथ किसी भी प्रकार की समस्या होने पर जिला प्रशासन को सुचित करने और प्रशासन द्वारा हरसंभंव सहायता का आश्वासन दिया। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ अश्विनी देवांगन, आयुक्त नगर निगम दुर्ग लोकेश चंद्राकर, अनुविभागीय अधिकारी हरवंश सिंह मिरी व अन्य अधिकारी मौजूद थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal


