Breaking News

शिक्षक कर रहे बीएलओ की ड्यूटी, नहीं हो रही पढ़ाई : नाराज बच्चों ने किया चक्काजाम

द सीजी न्यूज

दुर्ग। जिले के ग्राम बेलौदी में स्कूलों में लगातार बढ़ रही शिक्षकों की कमी के कारण सोमवार को सुबह मिडिल और प्राइमरी स्कूल के बच्चे, उनके पालक और ग्रामवासियों ने दुर्ग-नगपुरा मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। जाम के दौरान आवागमन पूरी तरह ठप रहा। सड़क पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि महीनों से शिकायतों के बावजूद शिक्षा विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की। बच्चों की पढ़ाई गंभीर रूप से प्रभावित हो रही है।
बेलौदी मिडिल स्कूल की संकुल प्राचार्य कुमुद सिंह ने बताया कि स्कूल में पहले दो परमानेंट शिक्षक और एक प्रधान पाठक पदस्थ थे, लेकिन प्रधान पाठक का हाल ही में प्रमोशन होने के बाद उनका तबादला दूसरी जगह हो गया। अभी दो टीचर स्कूल में है, लेकिन वे दोनों बीएलओ ड्यूटी कर रहे हैं। इसके कारण स्कूल में पढ़ाई नहीं हो पा रही है।
प्राथमिक विद्यालय में एकमात्र शिक्षिका की ड्यूटी बीएलओ में लगा दी गई है। ग्राम पंचायत से प्राइमरी स्कूल के लिए वैकल्पिक शिक्षक की व्यवस्था की गई। मिडिल स्कूल के लिए सितंबर से एक शिक्षक को लाया गया था, लेकिन स्वास्थ्य खराब होने के कारण वे स्कूल नहीं आ रहे हैं। बदहाल शिक्षा व्यवस्था से नाराज मिडिल व प्राइमरी स्कूल के बच्चों ने सोमवार को सुबह सड़क पर बैठकर विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि कई महीनों से मांग करने के बावजूद प्रशासन ने समस्या को गंभीरता से नहीं लिया। वर्तमान में प्राथमिक और मिडिल स्कूल में 159 बच्चे हैं। प्राथमिक में 92 और मिडिल स्कूल में 67 छात्र अध्ययनरत हैं।

Check Also

केबिनेट मंत्री गजेंद्र यादव ने वार्ड 44 में डेढ़ करोड़ के विकास कार्यों का किया भूमिपूजन

डेढ़ करोड़ की लागत से विकास कार्यों का भूमिपूजन द सीजी न्यूज दुर्ग / वार्ड …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *