Breaking News

पल्स पोलियो अभियान – 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के लगभग 85 प्रतिशत बच्चों को पिलाई गई पोलियो ड्रॉप

  • शहरी क्षेत्रों में मंत्री, विधायक, कलेक्टर व जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई
  • जिला अस्पताल में आज जन्मे 9 बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई गई

द सीजी न्यूज

दुर्ग। राष्ट्रीय सघन पल्स पोलियो अभियान के प्रथम चक्र के पहले दिन 21 दिसम्बर को नगर निगम क्षेत्र दुर्ग के अंतर्गत स्कूल शिक्षा, ग्रामोद्योग, विधि एवं विधायी मंत्री गजेन्द्र यादव, महापौर अलका बाघमार, कलेक्टर अभिजीत सिंह ने जिला चिकित्सालय दुर्ग में पोलियो ड्रॉप पिलाकर अभियान का जिला स्तरीय शुभारंभ किया गया।
लाल बहादुर शास्त्री सिविल अस्पताल सुपेला भिलाई में विधायक वैशाली नगर रिकेश सेन, विकासखंड पाटन अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के पोलियो बूथ में अध्यक्ष नगर पंचायत पाटन योगेश (निक्की) भाले,  विकासखंड धमधा अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के पोलियो बूथ में उपाध्यक्ष नगर पंचायत धमधा बृजेन्द्र दानी, विकासखंड निकुम दुर्ग अंतर्गत पुरानी बस्ती जीडी नगर निकुम में जनपद सदस्य लीलावती देशमुख, सरपंच व विधायक प्रतिनिधि भागवत पटेल ने टीकाकरण बूथों में उपस्थित होकर पोलियो ड्रॉप पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया गया।
पल्स पोलियो अभियान के प्रथम चरण में कलेक्टर अभिजीत सिंह के निर्देशन व मुख्य चिकित्सा एवं अधिकारी डॉ. मनोज दानी व जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. दिव्या श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में दुर्ग जिले में 21 दिसम्बर को निर्धारित आयु वर्ग के लगभग 85 प्रतिशत बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर प्रतिरक्षित किया गया।
जिला स्वास्थ्य विभाग के कार्यक्रम अधिकारियों ने सुबह 8 बजे से टीकाकरण बूथों में मॉनिटरिंग की। जिला टीकाकरण अधिकारी ने बताया कि अभियान के द्वितीय व तृतीय दिवस 22 व 23 दिसंबर को टीकाकरण दलों में शामिल स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मितानिन, कोटवार आदि द्वारा जिले के कुल 3.45 लाख घरों का भ्रमण कर अभियान के प्रथम दिन निर्धारित बूथ में न आने वाले बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाया जाएगा। 21 दिसम्बर को सिविल सर्जन डॉ. आशीष मिंज ने बताया कि जिला अस्पताल दुर्ग में आज जन्म लिए 9 नवजात शिशुओं को पोलियो ड्रॉप पिलाया गया। सेक्टर 9 बीएसपी अस्पताल, निजी नर्सिंग होम में नवजात बच्चों को पोलियो ड्राप पिलाया गया। दुर्ग व भिलाई के रेल्वे स्टेशन, बस स्टैण्ड, टेम्पो स्टैण्ड में ट्रांजिट टीम व ओवरब्रिज के आसपास के झुग्गी झोपड़ी में मोबाईल टीम ने विशेष रूप से भ्रमण किया। ग्रामीण क्षेत्रों के मेले व मड़ई स्थलों, प्रवचन स्थलों, ईट भट्टी व फैक्ट्री क्षेत्र के आसपास, बाड़ी, नदी के किनारे की बसाहट में टीकाकरण दल द्वारा भ्रमण कर पोलियो खुराक पिलाई गई। 22 व 23 दिसंबर को भी इन क्षेत्रों में पिलाई जाएगी।

Check Also

गोडसे के चेले देशभक्तों पर आरोप लगा रहे, वोट चोरी के विरोध में जनसैलाब को नहीं रोक पाएगी कोई भी तानाशाह ताकत : ठाकुर

एआईसीसी आब्जर्वर राजेश ठाकुर बोले – चोरों के सरदार की भाषा बता रही है कि …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!