- बीएसपी अफसर चर्चा करने पहुंचे, स्पष्ट जवाब न मिलने पर उपवास दो दिनों के लिये बढ़ाया
द सीजी न्यूज
भिलाई। बीएसपी प्रबंधन के फैसलों के खिलाफ कर्मचारियों-अधिकारियों के हक के लिए विधायक देवेंद्र यादव का सत्याग्रह लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा। अनशन समाप्त कराने जिला प्रशासन और बीएसपी अधिकारी आज सत्याग्रह स्थल पर पहुंचे। शाम को बीएसपी के जीएम आइआर जेएन ठाकुर, अतुल नौटियाल, श्रीनिवास के अलावा पुलिस प्रशासन के अधिकारियों की मौजूदगी में मंच पर ही बैठक हुई।
बातचीत के बाद विधायक देवेंद्र यादव ने कहा कि बीएसपी अफसरों ने कहा है कि डायरेक्टर इंचार्ज मिलना चाहते हैं। अभी उनका ऑपरेशन हुआ है। दो दिनों के भीतर मुलाकात करेंगे। डायरेक्टर इंचार्ज से मुलाकात होने तक सत्याग्रह आंदोलन को बढ़ाया जा रहा है। उनका अनशन अगले दो दिन और जारी रहेगा। इसके बाद आगे की रणनीति तय की जाएगी।
देवेंद्र ने कहा कि भिलाई शहर को बचाने के लिये जरूरत पड़ने पर उपवास और भी बढ़ाया जा सकता है। उनका स्वास्थ्य बिगड़े या जान चली जाए, भिलाई की बसाहट के लिये उनका आंदोलन जारी रहेगा। देवेंद्र ने कहा कि हमारा झगड़ा बीएसपी से नहीं है, बल्कि पॉलिसी से है। इस शहर की पहचान को मिटने नहीं देंगे और न शहर को बिकने देंगे। विधायक ने कहा कि सेक्टर 9 हॉस्पिटल निजीकरण, स्कूल, मैत्रीबाग, टाउनशिप के व्यापारी, रिटेंशन स्कीम के मुद्दों पर क्या प्लान है? बीएसपी प्रबंधन को यह बताना होगा।
बढ़ने लगा आक्रोश
सत्याग्रह आंदोलन दो दिनों के लिये किया गया था। इस दौरान बीएसपी प्रबंधन और प्रशासन द्वारा विधायक देवेंद्र यादव से कोई चर्चा नहीं की गई। इसके बाद अनशन तीसरे दिन भी जारी रहा। आज बीएसपी मैनेजमेंट और प्रशासनिक अफसरों की मौजूदगी में बातचीत हुई लेकिन कोई प्रगति न होने के कारण अनशन अगले दो दिनों के लिये जारी रखने का ऐलान किया गया। अनशन जारी रहने से विधायक देवेंद्र यादव के स्वास्थ्य की चिंता करते हुए बीएसपी के कर्मचारियों-अधिकारियों सहित टाउनशिपवासियों में आक्रोश बढ़ रहा है। आज सत्याग्रह स्थल पर दिन भर भारी भीड़ जुटती रही। यहां आए लोग रिटेंशन स्कीम, निजीकरण, अस्पताल, स्कूल, मैत्रीबाग, लीज, आवास आदि विषयों को लेकर आक्रोश जताते रहे। भिलाई स्टील प्लांट प्रबंधन के खिलाफ चल रहे आंदोलन का ट्रेड यूनियन नेताओं ने समर्थन किया है। शहर के कई धार्मिक, सामाजिक संगठनों ने भी खुलकर समर्थन कर दिया है।
मेडिकल टीम ने चेकअप किया
मेडिकल विभाग की टीम ने आज सत्याग्रह स्थल पर उपवास पर बैठे विधायक का चेकअप किया। विधायक के साथ दो अन्य लोग भी उपवास पर बैठे हैं। मेडिकल रिपोर्ट अच्छी न होने से आक्रोश बढऩे लगा है। बीएसपी प्रबंधन ने हालात को भांपते हुए सुरक्षा बढ़ा दिया है। मेन गेट से पहले ही बैरियर पर चेकिंग शुरू कर दी गई है। सीआईएसएफ जवानों को मुस्तैद किया गया है, ताकि किसी तरह के हालात से निपटा जा सके।
पूरे प्रदेश से मिल रहा समर्थन
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने विधायक देवेंद्र यादव का समर्थन किया है। महंत ने प्रबंधन से अपील की है कि शहर को बर्बाद न होने दें। उनके अलावा प्रदेश भर के जनप्रतिनिधियों ने भिलाई सत्याग्रह का समर्थन किया है। विधायक द्वारकाधीश यादव, विधायक रामकुमार यादव, विधायक कविता लहरे, विधायक उत्तरी गणपत जांगड़े, विधायक विद्यावती सिधार, पूर्व विधायक विनोद चंद्राकर, पूर्व विधायक गुलाब कमरो, मुंगेली से प्रत्याशी रहे संजीत बनर्जी, लोकसभा प्रत्याशी वीरेश ठाकुर, विधायक बालेश्वर साहू, विधायक चतुरी नंद, विधायक दिलीप लहरिया, पूर्व विधायक आशीष छाबड़ा, विधायक कुंवर सिंह निषाद, विधायक राघवेंद्र सिंह, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश लखमा, विधायक व्यास कश्यप, विधायक शेषराज हरवंश ने भिलाई को नहीं बिकने देंगे का नारा बुलंद किया।
सत्याग्रह स्थल पर जुटे प्रमुख जनप्रतिनिधि
विधायक देवेंद्र यादव के सत्याग्रह को समर्थन देने पूर्व विधायक भुवनेश्वर बघेल, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष धमतरी निशु चंद्राकर, पूर्व विधायक ममता चंद्राकर, पूर्व विधायक प्रतिमा चंद्राकर, पूर्व विधायक अरुण वोरा, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष विजय पांडे, महापौर नीरज पाल, पूर्व महापौर आरएन वर्मा, नीता लोधी, लालचंद वर्मा, राजेंद्र सिंह परगनिहा, योगेश सोनी, टी. जोगा राव, लक्ष्मीपति राजू, राजेंद्र शर्मा, रमेश पाल, मनोज पांडे, श्याम लाल साहू, जय प्रकाश नायर, संजय साहू इंटक ठेका श्रमिक, फौजी अरुण सिसोदिया, गुरलीन सिंह, लक्ष्मीपति राजू, संदीप निरंकारी, बंटी साहू, डी कामराजू, शीजू एंथनी, गुड्डू खान, भोलू श्रीवास्तव, अली हुसैन सिद्दीकी, साकेत चंद्राकर, एकांश बंछोर, आदित्य सिंह, सुमित पवार, आशीष यादव, शरद मिश्र, हरीश सिंह, अभय सिंह आदि मौजूद रहे। आज भी शहर के अलग-अलग क्षेत्र से महिलाओं का जत्था आंदोलन को समर्थन देने पहुंचा।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal



