Breaking News

क्रिप्टो ट्रेडिंग के नाम पर लोगों से ठगे 3 करोड़

द सीजी न्यूज

भिलाई। क्रिप्टो ट्रेडिंग से कुछ समय में ही रकम डबल करने का झांसा देकर 76 निवेशकों से 3 करोड़ 8 लाख रुपए ठग लिये गए। आरोपी ने फाइनेंस अप इन्वेस्टमेंट कंसल्टेंसी के नाम से संस्था संचालित करते हुए निवेशकों को हर महीने 6 प्रतिशत मुनाफा देने का लालच दिया था। कुछ दिन तक निवेशकों को ब्याज भी दिया गया। इसके बाद आरोपी ऑफिस में ताला लगाकर फरार हो गया। इस मामले में पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया है। युवक के कब्जे से आईफोन 16 प्रो, लैपटॉप, रुपए गिनने की मशीन, निवेशकों के इकरारनामे सहित कई दस्तावेज जब्त किए हैं।
पिछले साल अक्टूबर में एक पीडि़त ने सुपेला थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि मार्च 2025 में उसका परिचय भिलाई शांति नगर के रहने वाले हार्दिक कुदेषिया (22) से हुआ था। आरोपी ने खुद को क्रिप्टो ट्रेडिंग में माहिर बताया। हर महीने 6 प्रतिशत मुनाफा मिलने का दावा भी किया। उसके झांसे में आकर पीडि़त ने बैंक खातों से ऑनलाइन और नगद माध्यम से कुल 20 लाख रुपए निवेश किए।
शुरुआत में कुछ महीनों तक आरोपी ने नियमित रूप से ब्याज दिया। इससे निवेशकों का भरोसा बढ़ गया। एक अन्य पीडि़त के पिता भूषण लाल साहू ने भी आरोपी के कहने पर 4 लाख रुपए जमा कर दिये। इसी तरह 76 निवेशक झांसे में फंसे। अक्टूबर 2025 तक निवेशकों को ब्याज मिलता रहा। नवंबर 2025 में अचानक भुगतान बंद होने पर निवेशक आरोपी के कार्यालय अग्रसेन चौक, नेहरू नगर सुपेला पहुंचे।
ऑफिस बंद पाया गया। आसपास पूछताछ करने पर पता चला कि आरोपी निवेशकों का पैसा लेकर भाग गया है। पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी ने साल 2024 में फाइनेंस अप इन्वेस्टर एंड कंसल्टेंसी के नाम से ऑफिस खोलकर अपने साथियों को निवेश करने कहा। निवेशकों से इकरारनामे बनवाए गए। आरोपी बैंक ऑफ  इंडिया, एचडीएफसी बैंक और इंडसइंड बैंक के खातों में पैसा जमा कराता था।
इसके बाद मोबाइल में बाइनेस एप डाउनलोड कर भारतीय रुपए को डॉलर में बदलकर क्रिप्टो ट्रेडिंग करता था। मुनाफे का 6 प्रतिशत निवेशकों को और 3 प्रतिशत अपने एजेंटों को देता था। शेष रकम खुद रखता था। पुलिस ने आरोपी हार्दिक कुदेषिया (22) को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया है। अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

Check Also

गांधी और शास्त्री जयंती पर राज्य स्तरीय सर्वधर्म प्रार्थना सभा

शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने पत्रिका ‘प्रयास’ और पुस्तक ‘तारुण्य वार्ता’ का किया विमोचन, वेबसाइट …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!