द सीजी न्यूज
दुर्ग। निगम आयुक्त सुमित अग्रवाल के निर्देश पर नगर निगम की टीम ने संपत्ति कर और ट्रेड लाइसेंस की बकाया वसूली का अभियान तेज कर दिया है। सोमवार को जीई रोड स्थित चर्च के सामने संचालित ‘सांझा चूल्हा फैमिली ढाबा के खिलाफ सीलिंग की कार्रवाई की तैयारी की गई।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार होटल संचालक पर कुल 1 लाख 75 हजार 458 रुपये का संपत्ति कर काफी समय से बकाया था। निगम द्वारा पूर्व में कई बार नोटिस जारी करने पर भी ढाबा संचालक ने बकाया कर जमा नहीं किया। अंतिम नोटिस के बाद भी भुगतान न होने पर निगम आयुक्त सुमित अग्रवाल के निर्देश पर राजस्व विभाग की टीम होटल को सील करने पहुंची। सीलिंग की कार्रवाई के डर से होटल संचालक ने फौरन बकाया टैक्स की राशि नगद जमा कर दी। इसके बाद सीलिंग की कार्रवाई रोक दी गई।
कार्रवाई के दौरान उप राजस्व निरीक्षक निशांत यादव, संजय मिश्रा, राम खिलावन शर्मा, पवन नायक, अतिक्रमण अधिकारी परमेश्वर कुमार, बाजार सहायक ईश्वर वर्मा, तिलक नवरंग, विजेंद्र पटेल सहित राजस्व और अतिक्रमण अमला उपस्थित रहा। निगम आयुक्त सुमित अग्रवाल ने स्पष्ट कहा कि बकाया संपत्ति कर जमा न करने पर व्यवसायिक प्रतिष्ठानों के विरुद्ध सील बंद की सख्त कार्रवाई की जाएगी।
टैक्स वसूलने काटे गए नल कनेक्शन
निगम आयुक्त सुमित अग्रवाल के निर्देश पर राजस्व विभाग की टीम ने वार्ड 9 में बकाया टैक्स जमा न करने पर नल कनेक्शन काटने की कार्रवाई की। राजस्व विभाग की टीम ने वार्ड 9 में वकील सौरभ चौबे, एसपी चौबे के मकान का बकाया टैक्स 59,013 रुपये जमा न करने पर दो नल कनेक्शन काट दिए गए। लाल चंद्रा जौहरे के मकान का बकाया टैक्स 66,626 रुपये जमा न करने पर नल कनेक्शन काट दिया गया।
कई करदाताओं ने नल कनेक्शन काटने पहुंची टीम के सामने ही बकाया टैक्स जमा कर दिया। वार्ड 9 के व्यासनारायण श्रीवास्तव ने 20,215 रुपये, राधा मंगला/एसपी चतुर्वेदी ने 15,920 रुपये का भुगतान किया। कार्रवाई के दौरान सहायक राजस्व अधिकारी थानसिंग यादव, उप-राजस्व निरीक्षक संजय मिश्रा, राजस्व उप निरीक्षक निशांत यादव, राजस्व उप निरीक्षक राम खिलावन शर्मा के नेतृत्व में की गई।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
