द सीजी न्यूज
भिलाई। सेल-बीएसपी द्वारा सुरक्षा जागरूकता माह के अंतर्गत सुरक्षा अभियांत्रिकी विभाग ने सेक्टर 8 भिलाई स्थित सुनीति उद्यान में वार्षिक सुरक्षा ड्राइंग एवं पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कार्यपालक निदेशक (संकार्य) राकेश कुमार रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य महाप्रबंधक (सुरक्षा एवं अग्निशमन सेवाएँ) डी. सतपथी ने की। इस अवसर पर सुरक्षा अभियांत्रिकी विभाग के महाप्रबंधक प्रभारी एसके अग्रवाल, महाप्रबंधक एस. सुनोव, पीएम राजेन्द्र कुमार, बीआर पांडा, यूवी सुभद्रा, जेटी दासन, एसके महतो, एसआर शिंदे भी उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता में नर्सरी से कक्षा 12वीं तक के स्कूली बच्चों, विशेष रूप से दिव्यांग बच्चों और अभिभावकों/पालकों सहित लगभग 1200 प्रतिभागियों ने भाग लिया। ड्राइंग व पेंटिंग के विषय एक्सटेम्पोर (तत्काल) प्रकृति के रहे, जिन्हें स्थल पर ही घोषित किया गया, जिससे प्रतिभागियों की मौलिक सोच, रचनात्मकता और सहज अभिव्यक्ति को प्रोत्साहन मिला।
प्रतिभागियों ने सामान्य सुरक्षा, अग्नि व गृह सुरक्षा, रेल व सड़क सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और औद्योगिक सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर रंगों के माध्यम से प्रभावशाली संदेश प्रस्तुत किए। चयनित ड्राइंग व पेंटिंग्स का प्रदर्शन 19 जनवरी से 23 जनवरी तक इंदिरा प्लेस स्थित नेहरू आर्ट गैलरी में किया जाएगा। प्रदर्शनी के उद्घाटन अवसर पर प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
कार्यक्रम का संचालन सुरक्षा अभियांत्रिकी विभाग के प्रवीण शुक्ला और एचके गुप्ता ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में सुरक्षा अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारीगण, टाउनशिप विभाग, शिक्षा विभाग, भिलाई नगर निगम तथा दुर्ग यातायात विभाग सहित स्वयंसेवकों और प्रशिक्षुओं को उनके बहुमूल्य सहयोग व समर्थन के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
