कुम्हारी। रेलवे के एक टीटीई ने 20 वर्षीय छात्र को उधार के जाल में फंसाकर अवैध रूप से करीब एक लाख 39 हजार रुपए वसूल कर लिये। कुम्हारी निवासी सुमन टंडन (45) ने शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि उनका बेटा लक्ष्य टंडन पढ़ाई कर रहा है। उसकी कोई नियमित आय नहीं है। रेलवे के टीटीई सचिन द्विवेदी ने परिवार को बिना बताए उनके बेटे को उधार में रकम दी।
टीटीई ने बेटे को उधार के जाल में फंसाकर भारी भरकम ब्याज वसूला। टीटीई ने छात्र को जान से मारने की धमकी भी दी। शुरुआत में टीटीई ने लक्ष्य को थोड़ी-थोड़ी रकम दी, जो धीरे-धीरे बढ़कर करीब 2 लाख 55 हजार रुपए तक पहुंच गई।
सुमन टंडन ने बताया कि उधार की रकम पर टीटीई 15 प्रतिशत ब्याज वसूलता था। समय पर पैसे न देने पर रोज 350 से 750 रुपए तक जुर्माना वसूल करता था। कई बार 1000 रुपए प्रतिदिन के हिसाब से पेनल्टी वसूल करता था। दबाव, डर और धमकियों के कारण लक्ष्य टंडन से कुल 3 लाख 94 हजार 816 रुपए वसूल कर चुका है। इसमें से 3 लाख 1 हजार 166 रुपए फोन-पे के जरिए बैंक खाते से और 93 हजार 650 रुपए नगद वसूल किया गया। अभी भी टीटीई और पैसे की मांग कर रहा है।
छात्र की मां सुमन टंडन ने बताया कि उनके बेटे के व्यवहार में अचानक बदलाव आने के बाद उन्हें कई तरह की आशंका हुई। डरे सहमे बेटे से विस्तार से पूछने पर लक्ष्य ने पूरे मामले की जानकारी दी। जब उन्होंने आरोपी से अवैध रूप से वसूले गए करीब 1 लाख 39 हजार 816 रुपए वापस मांगे, तो आरोपी ने गाली-गलौज करना शुरू कर दिया। उनके बेटे को जान से मारने की धमकी दी।
शिकायत में कहा गया है कि टीटीई ने क्षेत्र में कई अन्य लोगों को भी ब्याज पर पैसा देकर अवैध वसूली की है। पीडि़त परिवार ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज कर अवैध रूप से वसूली गई रकम वापस दिलाने और बेटे को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है। कुम्हारी थाना प्रभारी का कहना है कि शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच की जा रही है। तथ्यों के आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Check Also
विकास कार्यों में लेटलतीफी बर्दाश्त नहीं : मुख्यमंत्री साय ने सभी जिला कलेक्टरों को निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने के दिए निर्देश
खामभाठा में निर्माणाधीन पुल से बच्चों, ग्रामीणों को हो रही परेशानी को मुख्यमंत्री ने गंभीरता …
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal