– बिना पॉकेट का स्वेटर पहनकर दे सकते हैं परीक्षा
दुर्ग/ छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल द्वारा 1 फरवरी को छत्तीसगढ़ शिक्षक पात्रता परीक्षा का आयोजन दो पाली में किया जा रहा है। व्यापम के जिला नोडल अधिकारी डिप्टी कलेक्टर पिस्दा ने बताया कि प्रथम पाली (प्राथमिक कक्षाओं में अध्यापन हेतु) में लगभग 12,096 और द्वितीय पाली (माध्यमिक कक्षाओं में अध्यापन हेतु) में लगभग 26,171 अभ्यर्थी शामिल हो रहे है।
परीक्षार्थियों को परीक्षा के एक दिन पहले अपने परीक्षा केन्द्र का अनिवार्य रूप से अवलोकन करने कहा गया है। ताकि, उन्हें परीक्षा के दिन असुविधा न हो। परीक्षा शुरू होने के कम से कम 2 घंटा पूर्व परीक्षार्थियों को परीक्षा केन्द्र में पहुंचना होगा, ताकि उनका सत्यापन किया जा सके। परीक्षा प्रारंभ होने के 30 मिनट पूर्व परीक्षा केन्द्र का मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा। प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 9.30 बजे से शुरू होगी। मुख्य द्वार सुबह 9 बजे बंद कर दिया जाएगा। द्वितीय पाली की परीक्षा दोपहर 3 बजे से होगी। मुख्य द्वार दोपहर 2.30 बजे बंद कर दिया जाएगा।
हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनकर परीक्षा देने आना होगा। काले, गहरे नीले, गहरे हरे, जामुनी, मैरून, बैगनी रंग व गहरे चॉकलेटी रंग के कपड़े पहनना वर्जित होगा। केवल साधारण स्वेटर (बिना पॉकेट) पहनकर परीक्षा में शामिल होने की अनुमति दी जाएगी। सुरक्षा जांच के समय स्वेटर को उतारकर सुरक्षा कर्मी से जांच कराना होगा। स्वेटर हेतु हल्के रंग और आधे बांह का बंधन नहीं होगा।
धार्मिक व सांस्कृतिक पोशाक वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा केन्द्र पर सामान्य समय से पहले रिपोर्ट करना होगा, उन्हें अतिरिक्त सुरक्षा जांच से गुजरने के बाद ही ऐसे पोशाक की अनुमति होगी। फुटवियर के रूप में चप्पल पहनकर आना होगा। कान में किसी भी प्रकार का आभूषण वर्जित है। परीक्षा कक्ष में किसी प्रकार का संचार उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक घड़ी, पर्स, पाऊच, स्कार्फ, बेल्ट, टोपी ले जाना वर्जित है। परीक्षा में अनुचित साधनों का प्रयोग करने पर कठोर कार्यवाही की जाएगी। परीक्षा केन्द्र में परीक्षार्थियों को केवल काले या नीले बॉल पांइट पेन लेकर ही आना होगा।
Check Also
हत्या के मामले में 7 गिरफ्तार
द सीजी न्यूज दुर्ग। शहर के पटरीपार क्षेत्र में शिव जी की बारात के दौरान …
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal