Breaking News

युवक का शव दफनाने पर दो गांवों के ग्रामीणों में विवाद

  • बैठक के बाद मंदिर में पूजा कर हिंदू धर्म में वापसी का लिया निर्णय

द सीजी न्यूज

बालोद। जिले के डौंडी थाना क्षेत्र के ग्राम बोरगांव में मतांतरित परिवार के युवक की मृत्यु के बाद शव को दूसरे गांव में दफनाने के मामले में विवाद को सुलझा लिया गया है। मामला गंभीर होते देख स्थानीय प्रशासन और विश्व हिन्दू परिषद के पदाधिकारियों ने गांव पहुंचकर ग्रामीणों के साथ बैठक की और आपसी सहमति से विवाद का समाधान कराया।
जानकारी के अनुसार बोरगांव निवासी धर्म परिवर्तन कर चुके बहुर सिंह मंडावी के 45 वर्षीय पुत्र संतोष मंडावी का बुधवार को निधन हो गया। निधन के बाद परिजनों ने बिना किसी गांव के जनप्रतिनिधि या ग्रामीणों को जानकारी दिए दूसरे ग्राम भीमाटोला स्थित अपनी निजी जमीन पर बुधवार को शव को दफन कर दिया।
गुरुवार को सुबह ग्राम भीमाटोला के ग्रामीणों को जानकारी मिली कि बोरगांव निवासी बहुर सिंह मंडावी ने अपने गांव की बजाय उनके गांव की सरहद में शव को दफन किया है। इसके बाद माहौल गरमा गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण स्थल पर पहुंचे और मृतक के पिता को बुलाकर इस संबंध में जानकारी ली।
मृतक के पिता ने अपनी निजी जमीन पर दफन करने की बात कही, जिस पर ग्रामीणों ने आपत्ति जताई और मामले की सूचना प्रशासन को दी। ग्राम पंचायत बोरगांव के पंचायत कार्यालय में तहसीलदार डौंडी, राजहरा थाना प्रभारी, दोनों गांवों के जनप्रतिनिधि, विश्व हिन्दू परिषद के पदाधिकारी और सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे। बैठक में मतांतरित परिवार ने बिना सूचना शव दफन करने, ग्रामीण रीति-रिवाजों की अवहेलना और परंपरानुसार कार्य नहीं करने की गलती स्वीकार की।
बैठक के दौरान परिवार ने अपनी मूल हिंदू संस्कृति व परंपराओं को मानने और ग्रामीण रीति-रिवाजों का पालन करने पर सहमति जताई। इसके बाद मतांतरित परिवार ग्राम भीमाटोला स्थित शीतला मंदिर पहुंचा, जहां पूजा-अर्चना कर ग्रामीणों से क्षमायाचना की। परिवार द्वारा मंदिर में पूजा-अर्चना करने और मूल संस्कृति में वापसी की घोषणा के बाद मामला शांत हो गया।
इस मामले को लेकर विश्व हिन्दू परिषद संगठन द्वारा लगातार ग्रामीणों और सामाजिक पदाधिकारियों से संपर्क कर जागरूकता का प्रयास किया जा रहा है। जिले के हीरापुर, सनौद, जेवरतला, मुजगहन और बघमारा जैसे अन्य गांवों में भी इस विषय को लेकर चर्चा और जागरूकता बढ़ी है। मतांतरित युवक के शव को दफनाने की जानकारी मिलने पर विश्व हिन्दू परिषद के जिला उपाध्यक्ष अजय अग्रवाल ग्राम भीमाटोला पहुंचे और स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने ग्राम पंचायत बोरगांव में आयोजित बैठक में परिवार के निर्णय पर प्रसन्नता जताते हुए दोनों गांवों के ग्रामीणों को बधाई दी। उन्होंने इसे जिले में धार्मिक सौहार्द बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
इस मामले को लेकर आयोजित बैठक में जनपद सदस्य शिवप्रसाद बारला, भीमाटोला के ग्राम पटेल उदय राम, ग्राम पंचायत बोरगांव की सरपंच देवकी बाई, उपसरपंच जनक मरकाम, जीत राम, गुलाब कुमार, गीता तिवारी, सुशीला मंडावी सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।

Check Also

टाउनशिपवासी बोले – डॉयलागबाजी की बजाय केंद्रीय इस्पात मंत्री या बीएसपी प्रबंधन से करें सार्थक चर्चा करें … बलिदान देने की बयानबाजी बेतुकी …

द सीजी न्यूज लीज, रिटेंशन और लाइसेंसधारकों को बीएसपी प्रबंधन की नोटिस मिलने के मुद्दे …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!