- आईसीएमएआई के 11 दिवसीय एडवांस स्कील ट्रेनिंग प्रोग्राम का समापन, प्रशिक्षणार्थियों को प्रदान किए प्रमाण-पत्र
THE CG NEWS
दुर्ग। इंस्टीट्यूट ऑफ कॉस्ट अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएमएआई) द्वारा बीआईटी कॉलेज दुर्ग में आयोजित 11 दिवसीय एडवांस स्कील ट्रेनिंग प्रोग्राम का समापन समारोह आयोजित किया गया।
समारोह में शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव मुख्य रूप से सम्मिलित हुए। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से संवाद कर प्रशिक्षण कार्यक्रम के अनुभवों, सीख और भविष्य की योजनाओं के संबंध में चर्चा की और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि युवाओं के कौशल, ज्ञान और व्यावसायिक क्षमता को निखारने की दिशा में आयोजित यह प्रशिक्षण कार्यक्रम एक महत्वपूर्ण पहल है। वर्तमान समय में कार्यक्षेत्र तेजी से बदल रहा है और नई तकनीकों के साथ नई संभावनाएं भी सामने आ रही हैं। ऐसे में युवाओं के लिए जरूरी है कि वे अपने शैक्षणिक ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक कौशल और प्रोफेशनल दक्षताओं को भी लगातार विकसित करें।
केबिनेट मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि एडवांस स्किल ट्रेनिंग प्रोग्राम जैसे प्रशिक्षण युवाओं को अपने ज्ञान को व्यवहारिक रूप से उपयोग करने, कार्यक्षेत्र की आवश्यकताओं को समझने और अपनी क्षमताओं को और बेहतर बनाने का अवसर प्रदान करते हैं। प्रशिक्षण के माध्यम से युवाओं में आत्मविश्वास बढ़ता है और वे अपने करियर की नई संभावनाओं को लेकर अधिक सजग एवं सक्षम बनते हैं।
शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत के निर्माण का संकल्प देश के सामने रखा है। इस संकल्प को साकार करने में देश की युवा शक्ति की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सीखने की प्रक्रिया कभी समाप्त नहीं होती। युवाओं को अपने क्षेत्र में लगातार नई जानकारी प्राप्त करते हुए समय के साथ स्वयं को अपडेट रखना चाहिए।
उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र में सफलता के लिए ज्ञान के साथ अनुशासन, मेहनत, सकारात्मक सोच और निरंतर सीखने की इच्छाशक्ति आवश्यक है। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से आह्वान किया कि वे प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त ज्ञान को अपने व्यावसायिक जीवन में उपयोग करें और अपनी सफलता के साथ समाज एवं राष्ट्र के विकास में भी योगदान दें।
शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि छत्तीसगढ़ में भी युवाओं के कौशल विकास और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है। शिक्षा और कौशल विकास के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर युवाओं को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार किया जा सकता है।
समापन समारोह में शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने 11 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाले प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए। उन्होंने आईसीएमएआई और बीआईटी, दुर्ग द्वारा युवाओं के कौशल विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की और भविष्य में भी ऐसे उपयोगी प्रशिक्षण कार्यक्रमों के आयोजन की आवश्यकता पर जोर दिया।
इस अवसर पर आईसीएमएआई के चेयरमेन महेन्द्र भोसले, सीएमए मनीषा अग्रवाल, डॉ दलजीत सिंह वाधवा, सीएमए हर्षद देशपांडेय, सीएमए अरिंदम गोस्वामी, बीआईटी कॉलेज के प्राचार्य अनूप मिश्रा, शिक्षाविद आशुतोष चावरे, दुर्ग जेडी केव्ही राव, जिला भाजपा उपाध्यक्ष शिवेंद्र परिहार उपस्थित रहे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal

