- काले कपड़े पहनकर प्रदर्शन में शामिल होंगे कांग्रेसजन
THE CG NEWS
दुर्ग। शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल ने कहा कि लोकतंत्र और मतदाता अधिकारों की रक्षा के लिए सभी कांग्रेसजन 28 सितंबर को आयोजित विरोध-प्रदर्शन को ऐतिहासिक बनाने पूरी ताकत के साथ शामिल होंगे।
बाकलीवाल ने बताया कि AICC महासचिव केसी वेणुगोपाल के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई बैठक में देश के मतदाताओं के अधिकारों और निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े गंभीर विषयों पर विस्तृत दिशा-निर्देश प्राप्त हुए हैं।
उन्होंने कहा कि यह लड़ाई उन नागरिकों के अधिकारों की लड़ाई है, जिन्हें निर्वाचन प्रक्रिया में अपने मताधिकार से वंचित किए जाने की आशंका या शिकायत है। कांग्रेस का स्पष्ट मत है कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में होना और उसका मताधिकार सुरक्षित रहना लोकतंत्र की मूल आवश्यकता है।
बाकलीवाल ने The Indian Express की पत्रकार रितिका चोपड़ा की रिपोर्ट का उल्लेख करते हुए कहा कि रिपोर्ट के अनुसार निर्वाचन आयोग के दो आयुक्तों सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने पिछले 10 महीनों में कम-से-कम 14 बार विभिन्न निर्णयों व प्रक्रियाओं पर आपत्तियाँ दर्ज कीं। रिपोर्ट में गोवा के 97 पात्र मतदाताओं के नाम अंतिम मतदाता सूची में शामिल न हो पाने का मामला भी सामने आया है।
इन घटनाओं ने निर्वाचन प्रक्रिया, मतदाता सूची और पारदर्शिता को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। कांग्रेस इन सवालों का लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से जवाब मांगती रहेगी।
बैठक में प्रमुख रूप से अजय शर्मा, नासिर खोखर, सुशील भारद्वाज, राहुल शर्मा, मनीष बघेल, चिराग शर्मा, प्रीतम देशमुख, सुमित घोष, विमल यादव, दीपक जैन, अली असगर, लोकेश सोनी सहित अन्य कांग्रेसी उपस्थित रहे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
