Breaking News

मेरे सपनों का भारत’ : विद्यार्थियों ने चित्रों और विचारों से दिखाई विकसित भारत की तस्वीर

THE CG NEWS

दुर्ग। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत दुर्ग के शासकीय स्कूल में विकासखंड स्तरीय चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा की सराहना की।

प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने मेरे सपनों का भारत विषय पर अपने विचारों और कल्पनाओं को चित्रों एवं भाषण के माध्यम से प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता का आयोजन कक्षा पहली से आठवीं और कक्षा नौवीं से बारहवीं तक के विद्यार्थियों के लिए दो अलग-अलग वर्गों में किया गया। विद्यार्थियों ने रंगों और अपनी कल्पनाशीलता के माध्यम से भारत के भविष्य की सुंदर तस्वीर प्रस्तुत की। भाषण के माध्यम से विकसित भारत को लेकर अपने विचार साझा किए। विद्यार्थियों ने शिक्षा, स्वास्थ्य, विज्ञान, तकनीक, पर्यावरण, स्वच्छता, आत्मनिर्भरता, महिला सशक्तिकरण और संस्कारों से समृद्ध भारत की कल्पना को रचनात्मक रूप से सामने रखा।

शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए चित्रों का अवलोकन कर और उनसे संवाद करते हुए कहा कि बच्चों की कल्पना में भारत का भविष्य दिखाई देता है। विद्यार्थियों के चित्रों और भाषणों में देश के प्रति प्रेम, विकसित भारत के निर्माण की सोच और बेहतर भविष्य की आकांक्षा स्पष्ट दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी केवल भविष्य के नागरिक नहीं, बल्कि विकसित भारत के निर्माण की मजबूत नींव हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में युवा पीढ़ी की महत्वपूर्ण भूमिका है। देश की नई पीढ़ी यदि शिक्षा, कौशल, विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में आगे बढ़ेगी तो भारत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प और मजबूत होगा। ऐसे आयोजनों के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा, विचार और रचनात्मकता को सामने रखने का अवसर मिलता है।

यादव ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि जीवन में बड़ा लक्ष्य निर्धारित करें और उसे हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत करें। उन्होंने विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने, अनुशासन का पालन करने तथा अपनी रुचि के क्षेत्र में लगातार सीखते रहने के लिए प्रेरित किये।

इस अवसर पर दुर्ग ग्रामीण विधायक  ललित चंद्राकर, भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र कौशिक सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधिगण, शिक्षकगण व बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Check Also

सिंगापुर-इंडिया नेटवर्क फॉर ग्रोथ फोरम 2026 : विदेश मंत्रालय ने किया छत्तीसगढ़ का चयन : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय करेंगे राज्य प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व

3 से 6 अक्टूबर तक सिंगापुर प्रवास पर रहेंगे मुख्यमंत्री साय, SING फोरम 2026 में …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!