Breaking News

पीएम मोदी के 25 वर्षों की जनसेवा से बदली देश की तस्वीर, छत्तीसगढ़ को मिली विकास की नई सौगातें – केदार कश्यप

THE CG NEWS

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी  के सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के जनसेवा के 25 पूर्ण होने जा रहे हैं। इसे लेकर दुर्ग में संभाग स्तरीय प्रेस कांफ्रेंस में छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने पीएम मोदी के 25 साल के कामकाज उपलब्धियों का लेखाजोखा पेश किया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गजेंद्र यादव, जिला भाजपा अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक, विधायक ललित चंद्राकर, भाजपा प्रदेश मंत्री जितेंद्र वर्मा, नगर निगम के सभापति श्याम शर्मा, जिला भाजपा महामंत्री दिलीप साहू, मीडिया प्रभारी राजा महोबिया उपस्थित रहे।

केदार ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों की निरंतर सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पण की प्रेरक यात्रा उपलब्धियों से भरी है। 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शुरू हुई उनकी जनसेवा की यात्रा आज देश के प्रधानमंत्री के रूप में आगे बढ़ रही है। मुख्यमंत्री के रूप में गुजरात की जनता के लिए काम किया और प्रधानमंत्री के रूप में देश के प्रत्येक नागरिक के जीवन को बेहतर बनाने का संकल्प लिया।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का छत्तीसगढ़ के प्रति विशेष अपनत्व का रिश्ता रहा है। संगठन पदाधिकारी के रूप में बस्तर जैसे सुदूर अंचल में जगह-जगह प्रवास किया और गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में भी छत्तीसगढ़ के साथ विकास के कई मोर्चो पर अनुभवों का आदान-प्रदान होता रहा। 25 वर्षों में राजनीति को केवल सत्ता का माध्यम नहीं, बल्कि सेवा और परिवर्तन का माध्यम बनाने का प्रयास हुआ है।

कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि गरीब परिवार को पक्का घर, किसान को आर्थिक सहायता, महिला को सम्मान और सुविधा, युवा को अवसर और देश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में अनेक कदम उठाए गए हैं। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” शासन का मूल मंत्र बना। योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे, यह अंत्योदय की भावना है। भाजपा के इसी संकल्प को केंद्र सरकार की योजनाओं और कार्यक्रमों के माध्यम से आगे बढ़ाया गया है।

प्रधानमंत्री ने जनकल्याण को योजनाओं तक सीमित नहीं रखा। बैंक खाता, गैस कनेक्शन, शौचालय, नल से जल, स्वास्थ्य बीमा योजना, आवास और डिजिटल सेवाओं के माध्यम से सरकार और नागरिक के बीच सीधा संबंध बनाया। इससे पहले जिन परिवारों तक सरकारी सहायता पहुँचने में कठिनाई होती थी, वे अब योजनाओं के लाभार्थी बने हैं।

कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री जनधन योजना के माध्यम से करोड़ों लोगों के बैंक खाते खुले। बैंकिंग व्यवस्था से जुड़ने के बाद गरीब परिवारों को सरकारी सहायता सीधे खाते में मिलने लगी। इससे बिचौलियों की भूमिका कम हुई और योजनाओं के लाभ में पारदर्शिता बढ़ी। जनधन खाते, आधार और मोबाइल के उपयोग से लाभार्थियों तक सहायता पहुँचाने की व्यवस्था अधिक प्रभावी बनी।

कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि पिछले एक दशक में देश के लगभग 25 करोड़ लोग अत्यधिक गरीबी से बाहर निकले हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन पर आधारित गरीब कल्याण की योजनाएं किस बड़े बदलाव का माध्यम बनी हैं|प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के माध्यम से लगभग 81 करोड़ लोगों को निःशुल्क खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है।

प्रधानमंत्री आवास योजना ने गरीब परिवारों को पक्के घर का सपना पूरा करने में बड़ी भूमिका निभाई है। उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन से महिलाओं को राहत मिली। आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत पात्र परिवारों को अस्पताल में भर्ती होने पर प्रतिवर्ष पाँच लाख रुपये तक के उपचार का सुरक्षा कवच मिला है। इस योजना का विस्तार 70 वर्ष और उससे अधिक आयु के सभी वरिष्ठ नागरिकों तक किया गया है, चाहे उनकी आय कुछ भी हो। इससे गंभीर बीमारी की स्थिति में परिवारों को आर्थिक सहारा मिलता है।

किसान सम्मान निधि के माध्यम से किसानों को सीधे आर्थिक सहायता दी जा रही है। फसल बीमा, सिंचाई, कृषि अवसंरचना और आधुनिक तकनीक से जुड़ी योजनाएँ खेती को अधिक सुरक्षित और उत्पादक बनाने की दिशा में काम कर रही हैं। किसानों को सम्मान और उनकी आय को बेहतर बनाने का लक्ष्य सरकार की प्राथमिकता में रहा है।

कश्यप ने कहा कि मुद्रा योजना, कौशल विकास, स्टार्टअप इंडिया और पीएम विश्वकर्मा जैसी पहलों ने युवाओं, छोटे उद्यमियों और पारंपरिक कारीगरों के लिए आगे बढ़ने के अवसर बनाए हैं। इन योजनाओं से व्यक्ति अपने कौशल और परिश्रम के आधार पर रोजगार देने वाला उद्यम शुरू कर सकता है। डिजिटल इंडिया ने भुगतान, बैंकिंग और सरकारी सेवाओं तक पहुँच को आसान किया है। आज डिजिटल भुगतान आम नागरिकों, छोटे दुकानदारों और व्यापारियों के जीवन का हिस्सा बन चुका है। मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत ने देश में उत्पादन, नवाचार और उद्यमिता को प्रोत्साहित किया है। छत्तीसगढ़ के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का नेतृत्व विशेष महत्व रखता है।

कैबिनेट मंत्री के केदार कश्यप ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की विकास परियोजनाओं ने राज्य की सड़क, रेल, ऊर्जा, स्वास्थ्य, शिक्षा और डिजिटल कनेक्टिविटी को मजबूती दी है। बीते वर्षों में राज्य को केंद्रीय करों में हिस्सेदारी और विभिन्न योजनाओं के माध्यम से बड़ी मात्रा में सहायता प्राप्त हुई है। इससे सड़क, आवास, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और बुनियादी ढाँचे के कार्यों को गति मिली है।

कश्यप ने कहा कि छत्तीसगढ़ के किसानों के लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि महत्वपूर्ण सहायता बनी है। संलग्न सामग्री के अनुसार, प्रदेश के 25 लाख 51 हजार किसानों को 11 हजार 277 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता उनके खातों में पहुँचाई गई है। यह राशि किसानों को बीज, खाद, कृषि कार्यों और परिवार की आवश्यकताओं में मदद देती है।

प्रदेश में लगभग 51 हजार करोड़ रुपये की लागत से रेलवे सुविधाओं के विस्तार का काम तेजी से चल रहा है। इनमें नई रेल लाइनों का निर्माण, रेलवे ट्रैक का विस्तार, रेल लाइनों का दोहरीकरण और रेलवे फ्लाईओवर और पुलों का निर्माण शामिल है। छत्तीसगढ़ के यात्रियों को आधुनिक ट्रेन सेवाओं का लाभ भी मिल रहा है।

कश्यप ने कहा कि रेल नेटवर्क के विस्तार के साथ अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत छत्तीसगढ़ के 32 रेलवे स्टेशनों को पुनर्विकास किया जा रहा है।एक नवंबर 2025 को छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 3 लाख 51 हजार आवासों का गृह प्रवेश हुआ और तीन लाख हितग्राहियों के लिए 1,200 करोड़ रुपये की किस्त जारी की गई। जनजातीय समाज के लिये धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान शुरू किया गया। छत्तीसगढ़ के 6,691 जनजातीय गाँवों के समग्र विकास पर काम हो रहा है।

कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने विभिन्न योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ मिला है। राष्ट्रीय सुरक्षा के मोर्चे आतंकवाद के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति रही है। उरी के बाद सर्जिकल स्ट्राइक और पुलवामा के बाद बालाकोट एयर स्ट्राइक, ऑपरेशन सिन्दूर ने दुनिया को यह संदेश दिया कि नया भारत अपनी सुरक्षा से समझौता नहीं करता।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन और केंद्र व राज्य सरकारों के समन्वित प्रयासों से नक्सलवाद के विरुद्ध निर्णायक सफलता मिली है। 31 मार्च 2026 छत्तीसगढ़ समेत देश नक्सलवाद से मुक्त हुआ। इस सफलता का श्रेय सुरक्षा बलों के साहसी जवानों, स्थानीय लोगों और उन सभी कर्मियों को जाता है जिन्होंने कठिन परिस्थितियों में सेवा की।

कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री की “रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म” की नीति ने देश में प्रशासनिक सुधारों और कारोबार को सरल बनाने की दिशा में काम किया है। छत्तीसगढ़ में भी सिंगल विंडो व्यवस्था और डिजिटल प्रक्रियाओं से निवेशकों और उद्यमियों को सुविधा देने के प्रयास जारी हैं।

Check Also

विधायक चंद्राकर ने वार्ड 31 में किया 1.36 करोड़ के विकास कार्यों का भूमिपूजन

THE CG NEWS रिसाली। दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर ने आज रिसाली बस्ती बाजार चौक, …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!