द सीजी न्यूज
दुर्ग। रिसाली नगर निगम के वार्ड क्रमांक 37 जोरातराई में शनिवार सुबह भाजपा नेता राजेंद्र सिंह यादव पर हमला कर दिया गया। वे एक होटल में बैठकर चाय पी रहे थे। इसी दौरान वहां पहुंचे एक युवक ने पीछे से चाकू से वार कर दिया। राजेंद्र यादव के गले में चाकू लगा, जिससे वे घायल हो गए। उन्हें तुरंत भिलाई के सेक्टर-9 अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनकी हालत खतरे से बाहर है।
राजेंद्र यादव ने पुलिस को बताया कि घटना सुबह करीब 8 बजे की है। वे रोज की तरह चाय पीने के लिए होटल पहुंचे थे। इसी दौरान आरोपी युवक वहां आया और पीछे से चाकू से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से मौके पर लोग घबरा गए। घटना के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया।
राजेंद्र यादव के मुताबिक, आरोपी से उनकी पहले अच्छी दोस्ती थी। लेकिन पिछले तीन-चार साल से दोनों के बीच बातचीत बंद थी। उन्होंने पुलिस को बताया कि आरोपी से उनकी कोई दुश्मनी या पुरानी रंजिश नहीं थी। उन्हें समझ नहीं आ रहा कि अचानक उन पर हमला क्यों किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही उतई थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और आसपास के लोगों से घटना की जानकारी जुटाई। वीडियो फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
