Breaking News

रिसाली निगम चुनाव : जीत की रणनीति बनाने प्रदेश भाजपा के दिग्गज भिलाई पहुंचे : ‘हमन जीतबो’ के नारे के साथ किया चुनावी मंथन

  • महापौर सहित सभी वार्डों में जीत का लिया संकल्प
  • भाजपा की रीति-नीति से प्रभावित होकर तीन जनप्रतिनिधियों ने थामा भाजपा का दामन

THE CG NEWS

दुर्ग। आगामी रिसाली नगर निगम चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी पूरी तरह चुनावी मोड में आ गई है। संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और चुनावी तैयारियों को गति देने के उद्देश्य से छोटी-छोटी बैठकों के बाद मंगलवार को रिसाली के मैत्री कुंज स्थित आशीर्वाद भवन में बड़ी संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में भाजपा संगठन महामंत्री पवन साय की मुख्य उपस्थिति रही। जिला भाजपा अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक ने अध्यक्षता की।
बैठक में भाजपा प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी, दुर्ग संभाग प्रभारी जगन्नाथ पाणिग्रही, दुर्ग जिला संगठन प्रभारी नंदन जैन, कैबिनेट मंत्री गजेन्द्र यादव, सांसद विजय बघेल, विधायक ललित चंद्राकर, ईश्वर साहू, छत्तीसगढ़ अक्षय ऊर्जा विकास निगम के अध्यक्ष भूपेंद्र सावन्नी, छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड अध्यक्ष व रिसाली नगर निगम चुनाव प्रभारी अनुराग सिंह देव, भाजपा प्रदेश मंत्री जितेंद्र वर्मा, छत्तीसगढ़ खादी ग्रामोद्योग आयोग के अध्यक्ष राकेश पांडेय, तेलघानी विकास बोर्ड के अध्यक्ष जितेंद्र साहू, पूर्व कैबिनेट मंत्री रमशिला साहू, पूर्व विधायक सांवलाराम डहरे, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष प्रीतपाल बेलचंदन, रिसाली नगर निगम चुनाव सह प्रभारी डॉ. श्वेता शर्मा, अंशु चंद्रवंशी, जिला महामंत्री दिलीप साहू और विनोद अरोरा सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक में रिसाली नगर निगम चुनाव को लेकर संगठन की तैयारियों, वार्डवार रणनीति, कार्यकर्ताओं की भूमिका और जनसंपर्क अभियान सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित कार्यकर्ताओं को महापौर सहित सभी वार्डों में भाजपा प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। कार्यकर्ताओं से चुनावी तैयारियों को लेकर सुझाव भी लिये गए।

‘हमन जीतबो’ के संकल्प के साथ मैदान में उतरेगी भाजपा : पवन साय

बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा संगठन महामंत्री पवन साय ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ऐसी पार्टी है, जिसने राष्ट्रवाद की विचारधारा को सर्वोपरि रखते हुए जनसेवा और मानव कल्याण को हमेशा अपनी प्राथमिकता बनाया है। केंद्र और राज्य सरकार द्वारा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की एकजुटता के बल पर भाजपा रिसाली नगर निगम चुनाव में मजबूती के साथ मैदान में उतरेगी। एकजुट होकर चुनाव लड़ेंगे और महापौर सहित सभी वार्डों में भाजपा की जीत के लिए पूरी ताकत से कार्य करेंगे।

विकास और सुशासन को लेकर जनता के बीच जाएं कार्यकर्ता : गजेन्द्र यादव

कैबिनेट मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि भाजपा की सरकार का मूल आधार विकास, सुशासन और जनकल्याण है। सरकार द्वारा समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर जनता के बीच जाएं तथा प्रत्येक वार्ड के नागरिकों से सीधा संवाद स्थापित करें। संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की सक्रियता से रिसाली नगर निगम चुनाव में पार्टी को मजबूती मिलेगी।

कार्यकर्ता की मेहनत ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत : विजय बघेल

सांसद विजय बघेल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का संगठन कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण से मजबूत हुआ है। चुनाव में प्रत्येक कार्यकर्ता की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि रिसाली नगर निगम क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ता पूरी एकजुटता के साथ जनता के बीच पहुंचें और केंद्र एवं राज्य सरकार के विकास कार्यों तथा जनहितकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाएं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने का आह्वान किया।

संगठन की एकजुटता से हासिल करेंगे लक्ष्य : सुरेंद्र कौशिक

जिला भाजपा अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि रिसाली नगर निगम चुनाव को लेकर भाजपा संगठन पूरी तरह तैयार है। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन और कार्यकर्ताओं की मेहनत से चुनावी तैयारियों को और अधिक मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ‘हमन जीतबो’ के संकल्प के साथ प्रत्येक कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्र में पूरी सक्रियता से कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करते हुए प्रत्येक मतदाता तक पहुंचना भाजपा की प्राथमिकता है।

जनता के विश्वास को जीत में बदलने के लिए जुटें कार्यकर्ता : ललित चंद्राकर

दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर ने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता हमेशा संगठन और जनता के बीच सेतु का कार्य करता है। रिसाली नगर निगम क्षेत्र में भाजपा के कार्यकर्ताओं ने लंबे समय से जनता के बीच रहकर सेवा का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि चुनाव में प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी ऊर्जा और समर्पण के साथ कार्य करे तथा वार्ड स्तर पर जनता से संवाद को और मजबूत बनाए। उन्होंने कहा कि संगठन की एकजुटता और कार्यकर्ताओं की मेहनत से पार्टी चुनाव में मजबूती के साथ अपना पक्ष रखेगी।

तीन जनप्रतिनिधियों ने थामा भाजपा का दामन

बैठक के बाद भाजपा की रीति-नीति एवं विचारधारा से प्रभावित होकर तीन जनप्रतिनिधियों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। नगर पंचायत उतई के पार्षद शिव ठाकुर, जनपद सदस्य क्रमांक-3 नंद कुमार सिंह और जनपद सदस्य क्रमांक-19 लोमस सिंह ठाकुर ने भाजपा का गमछा पहनकर पार्टी में प्रवेश किया। उपस्थित भाजपा नेताओं ने उनका स्वागत करते हुए संगठन को मजबूती प्रदान करने में सक्रिय भूमिका निभाने की शुभकामनाएं दीं।
बैठक को छत्तीसगढ़ अक्षय ऊर्जा विकास निगम के अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी, छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड के अध्यक्ष और नगर निगम चुनाव के प्रभारी अनुराग सिंह देव ने भी संबोधित किया। आयोजित बैठक का संचालन जिला महामंत्री दिलीप साहू और आभार जिला उपाध्यक्ष शिवेंद्र सिंह परिहार ने किया।

Check Also

भूपेश बघेल के काफिले पर हमला लोकतंत्र के लिए काला संकेत, दोषियों पर हो कठोर कार्रवाई : आरएन वर्मा

THE CG NEWS दुर्ग। असम में चुनावी कार्यक्रम से लौटते समय छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!