Breaking News

CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ देश भर में फूटा गुस्सा : दिल्ली से लेकर गुवाहाटी तक कांग्रेस का प्रदर्शन, वोट चोरी को लेकर इस्तीफे की मांग, कई नेता हिरासत में

सीईसी ज्ञानेश कुमार को बर्खास्त करने और गिरफ्तार करने की मांग को लेकर कांग्रेस ने आज देश भर में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों को रोकन पुलिस ने कई जगहों पर पानी की बौछारें कीं। असम में गौरव गोगोई समेत कई नेताओं को हिरासत में लिया गया।  

रायपुर में प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसजनों का गुस्सा इस तरह फूटा …

THE CG NEWS

मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार और एसआईआर के जरिये हुई वोट चोरी को लेकर जारी विवाद के बीच कांग्रेस ने आज देशभर में प्रदर्शन किया। दिल्ली, लखनऊ, पटना, कोलकाता, गुवाहाटी, शिमला, देहरादून और चंडीगढ़ में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग करते हुए कांग्रेस ने मोर्चा खोला।

दिल्ली में कांग्रेस दफ्तर से इलेक्शन कमीशन जाने की कार्यकर्ताओं ने कोशिश की। कार्यकर्ताओं ने पुलिस के बैरिकेड्स तोड़ दिए। गुवाहाटी में प्रदर्शन के दौरान पुलिस बैरिकेड से आगे जाने की कोशिश करने पर असम कांग्रेस चीफ गौरव गोगोई और पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं को हिरासत में ले लिया है। लखनऊ में भारी बारिश के बीच कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया और ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया।

असम कांग्रेस ने राजीव भवन से एक मार्च निकाला। सीईसी का पुतला फूकने के लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय की ओर बढ़ रहे कांग्रेसजनों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। राजीव भवन के पास पुलिस ने बैरिकेड लगाए थे, जिन्हें गोगोई समेत प्रदर्शनकारी नेताओं ने पार करने की कोशिश की। उन्हें हिरासत में ले लिया गया। कांग्रेस नेताओं ने मांग करते हुए कहा कि ज्ञानेश कुमार को पद से हटाया जाए और उन्हें गिरफ्तार किया जाए।

इंडियन यूथ कांग्रेस ने दिल्ली में किया प्रदर्शन

दिल्ली में इंडियन यूथ कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ जमकर नारे लगाए। युवा कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु चिब ने कहा – हम ज्ञानेश कुमार को देश से भागने नहीं देंगे। 13 करोड़ भारतीयों को उनके वोट देने के संवैधानिक अधिकार से वंचित रखा गया है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ज्ञानेश कुमार के खिलाफ तब तक विरोध जारी रहेगा, जब तक उन्हें जेल नहीं भेजा जाता। या तो वह जेल जाएं या देश छोड़कर भाग जाएं, लेकिन हम उन्हें देश से भागने भी नहीं देंगे. हमारे लोग हर एयरपोर्ट पर तैनात हैं। जहां भी वह मिलेंगे, हम उन्हें पकड़ लेंगे। 

बिहार में पुलिस ने किया वॉटर कैनन का इस्तेमाल

हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के दौरान राज्य चुनाव आयोग के कार्यालय के बाहर लगे बोर्ड में तोड़-फोड़ की। जम्मू में प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कांग्रेस सांसद डॉ. सैयद नासिर हुसैन समेत कई लोगों को हिरासत में लिया। बिहार में प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने उग्र भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया।

कांग्रेस  पार्टी ने एक्स पर लिखा,

‘ज्ञानेश कुमार को तत्काल इस्तीफा देना चाहिए और वोट चोरी का गवाह बनना चाहिए। इसी मांग के साथ आज देशभर में कांग्रेस के कार्यकर्ता सड़कों पर हैं. वोट चोरों को बख्शा नहीं जाएगा, सबका हिसाब होगा.’

पंजाब में कांग्रेस नेताओं को हिरासत में लिया गया

पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने ज्ञानेश कुमार को बर्खास्त करने और गिरफ्तार करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। चंडीगढ़ स्थित चुनाव आयोग कार्यालय का घेराव करने के लिए आगे बढ़ रहे कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने पानी की बौछारें कीं। पंजाब कांग्रेस के कई नेताओं, विधायकों और कार्यकर्ताओं ने सेक्टर-17 में प्रदर्शन किया। राज्य चुनाव आयोग कार्यालय की ओर मार्च करने के लिए पुलिस बैरिकेड पार करने की कोशिश करने पर चंडीगढ़ पुलिस ने उन्हें रोका। पुलिस ने कांग्रेस के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।

रायपुर में बरसते पानी के बीच CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन

 

रायपुर में बारिश के बावजूद शुक्रवार को कांग्रेस ने चुनाव आयोग के खिलाफ सड़क पर उतरकर पैदल मार्च किया। वोटर लिस्ट में बदलाव, SIR और कथित वोट चोरी के मामले में शहर जिला और ग्रामीण कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में प्रदर्शन हुआ। कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी चौक से निर्वाचन आयोग कार्यालय तक पैदल मार्च करने के साथ ही चीफ इलेक्शन कमिश्नर ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए इस्तीफे की मांग की।

तीन साल पहले ही लगे थे आरोप – विकास 

कांग्रेस के पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने कहा कि राहुल गांधी ने 3 साल पहले ही कहा था कि निर्वाचन आयोग भारतीय जनता पार्टी की कठपुतली बनकर काम कर रहा है। आयोग के तीन सदस्यों में से दो सदस्यों ने इस बात को साफ कहा था कि 10 महीने में 14 आपत्ति लगाई गई। आयोग के तीन सदस्य हैं और दो सदस्य 10 महीने से आपत्ति लगा रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी ने ज्ञानेश कुमार को निर्वाचन आयोग का एजेंट बनाकर चीफ इलेक्शन कमिश्नर बनाया।

प्रदर्शन में कांग्रेस नेताओं ने चुनाव आयोग के भीतर दो चुनाव आयुक्त की ओर से दर्ज कराई गई आपत्तियों का भी मुद्दा उठाया. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने पिछले 10 महीने में कम से कम 14 बार आयोग के फैसलों और प्रक्रियाओं पर लिखित आपत्ति दर्ज की.

पीसीसी चीफ दीपक बैज के मार्गदर्शन में हुए प्रदर्शन के दौरान शहर कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकुमार मेनन और ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष राजेंद्र पप्पू बंजारे के नेतृत्व में कार्यकर्ता राजीव चौक पर इकट्ठा होकर शास्त्री चौक पहुंचे। इस दौरान बरसते पानी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर प्रदर्शन किया।

Check Also

चक्रवात अर्नब का असर : भारी बारिश से नदियां उफान पर, गंगरेल के सभी 14 गेट खोले गए

THE CG NEWS रायपुर। पिछले तीन दिनों से हो रही लगातार मूसलाधार बारिश के चलते …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!