- अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता के मद्देनजर ट्राइफेड ने उत्पादों का किया है चयन
- राज्य के हर्बल उत्पादों को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर दर्जा और मान्यता मिलेगी
द सीजी न्यूज डॉट कॉम


इस बार अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर देश-विदेश में आयोजित समारोह में छत्तीसगढ़ के हर्बल उत्पादों की धूम रहेगी। इन समारोह के प्रतिभागियों को गिफ्ट हैम्पर के रूप में राज्य में तैयार ‘कोविड कवच‘ भेंट किया जाएगा। इसे इम्यूनिटी बूस्टर के रूप में हर्बल उत्पादों से डिजाइन्ड किया गया है। इस खास गिफ्ट हैम्पर को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज अपने निवास कार्यालय में लांच किया।
विभिन्न भारतीय दूतावासों और ट्रायफेड इंडिया के बीच हुए एक समझौते के तहत 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोहों में भाग ले रहे प्रतिभागियों को उपहार हर्बल उत्पाद गिफ्ट किए जाएंगे। इसके लिए ट्राइफेड इंडिया ने छत्तीसगढ़ के हर्बल उत्पादों का चयन किया है।

समारोह में भेंट किए जाने वाले गिफ्ट हैम्पर में आर्गेनिक बस्तर काजू, वाइल्ड फारेस्ट हनी, ग्रीन टी, आंवला कैंडी, इमली कैंडी, आंवला पाचक, चिरौंजी दाना और विभिन्न प्राकृतिक अवयवों से बने हर्बल साबुन और फेस पैक शामिल हैं।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में राज्य सरकार ने लघु वनोपजों के माध्यम से वनवासियों की नई आर्थिक ताकत देने के लिए नई रणनीति के तहत काम शुरू किया है। छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर खरीदे जाने वाले लघु वनोपजों की संख्या 7 से बढ़ाकर अब 52 की जा चुकी है। छत्तीसगढ़ लघु वनोपज संघ के माध्यम से इनके संग्रहण और वन-धन केन्द्रों में प्रसंस्करण का काम किया जा रहा है। प्रसंस्करण का कार्य महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा किया जाता है। इसका वितरण छत्तीसगढ़ हर्बल ब्रांड के नाम से किया जा रहा है। कम समय में बेहतर गुणवत्ता के कारण राज्य के हर्बल उत्पादों ने देश भर में पहचान बना ली है।
ट्राइफेड इंडिया भारत सरकार की एक एजेंसी है, जो जनजातीय कल्याण के लिए उनके द्वारा निर्मित और उत्पादित वस्तुओं को प्रोत्साहित करने का काम करती है। अंतरराष्ट्रीय स्तर की गुणवत्ता वाले हर्बल उत्पादों की तलाश करते हुए ट्राईफेड ने छत्तीसगढ़ के हर्बल उत्पादों को उपहार स्वरूप भेंट के लिए उपयुक्त पाया है। 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर नई दिल्ली में विभिन्न विदेशी दूतावासों को ये हैंपर भेंट किये जाएंगे। ट्रायफेड द्वारा की गई इस पहल से छत्तीसगढ़ के हर्बल उत्पादों को सही मायनों में अंतर्राष्ट्रीय दर्जा और मान्यता मिलेगी।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal