- लापरवाही बरतने वाले उचित मूल्य दुकान संचालकों पर कार्रवाई करते हुए लाइसेंस निरस्त करने के निर्देश
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री अमरजीत सिंह भगत की अध्यक्षता में मंगलवार को अम्बिकापुर जिला पंचायत सभाकक्ष में कस्टम मिलिंग और सार्वजनिक वितरण प्रणाली की संभाग स्तरीय समीक्षा बैठक हुई जिसमें भगत ने संभाग के सभी जिलों में समर्थन मूल्य में उपार्जित धान का निराकरण और सार्वजनिक वितरण प्रणाली के क्रियान्वयन की समीक्षा की। पीडीएस प्रदाय केंद्रों में राशन सामग्री की उपब्धता और भंडारण की स्थिति की जानकारी लेते हुए खाद्य मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेश के गरीब परिवारों को जुलाई से नवम्बर 2021 तक सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत निःशुल्क राशन देने की घोषणा की है। उन्होंने सभी खाद्य अधिकारी को मुख्यमंत्री की मंशानुरूप खाद्यान्न का भण्डारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
खाद्य मंत्री ने बैठक में कहा कि कई स्थानों पर शिकायतें आ रही है कि बारदाने में भरती किए गए खाद्यान्न की मात्रा कम होने से दुकान संचालकों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। सार्वजनिक वितरण प्रणाली की उचित मूल्य दुकानों को कम मात्रा में खाद्यान्न देने पर संबंधित खाद्य अधिकारी के खिलाफ कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने कहा कि बारदाने में भरती खाद्यान्न का वजन कराने के बाद खाद्यान्न की सही मात्रा दुकान संचालकों को दिया जाए।

बैठक में उचित मूल्य दुकान संचालकों द्वारा खाद्यान्न वितरण में लापरवाही बरतने संबंधी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए खाद्य मंत्री ने आबंटन निरस्त कर नवीन आबंटन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की उचित मूल्य दुकानों के शिकायत पर एसडीएम नोटिस जारी करें और सुनवाई कर निरस्तीकरण की कार्यवाही करें। उन्होंने सभी उचित मूल्य दुकानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने, दर सूची प्रदर्शित करने और रंगरोगन कराने के निर्देश भी दिए।
खाद्य मंत्री ने समर्थन मूल्य में धान खरीदी और उठाव की समीक्षा करते हुए कहा कि समिति में संग्रहित धान को सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी संबंधित समितियों की है। समिति में धान के नुकसान या कमी होने पर भरपाई की जिम्मेदारी समितियों की होगी। बैठक में छत्तीसगढ़ श्रम कल्याण मण्डल के अध्यक्ष शफी अहमद, बीस सूत्रीय कार्यन्वयन के उपाध्यक्ष अजय अग्रवाल, विधायक जशपुर विनय भगत, कलेक्टर संजीव कुमार झा सहित सरगुजा संभाग के जिलों के एसडीएम, खाद्य अधिकारी, जिला विपणन अधिकारी, नागरिक आपूर्ति निगम एवं जिला सहकारी बैंक के अधिकारी उपस्थित थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal