
- सुबह से शाम तक चली बैठक में जोन के प्रत्येक काम की समीक्षा
- हर कार्य के लिए डेडलाइन तय कर कार्य करने के दिए निर्देश दिए
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
भिलाई नगर/ नगर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे ने शनिवार को सभी जोन कार्यालय में पहुंचकर हर काम की समीक्षा की। कर्मचारियों और अधिकारियों से उनके कार्यों पर सवाल किये। हर छोटी-बड़ी समस्या की जानकारी ली। वैशाली नगर जोन के निरीक्षण के दौरान लोक सेवा केंद्र के ऑपरेटर उमेश कुमार द्वारा योजनाओं की सही-सही जानकारी न देने पर उन्होंने कर्मचारी को फटकार लगाते हुए कहा कि ऐसे कर्मचारी को हटाया जाए। आपरेटर ने निगम कमिश्नर के किसी भी प्रश्न का सही ढंग से जवाब नहीं दिया। कमिश्नर ने कहा कि लोक सेवा केंद्र सीधे पब्लिक सेवा से जुड़ा कार्य है। ऐसे कर्मचारियों के कारण अनावश्यक लोगों को भटकना पड़ता है। इसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। लोगों को मिलने वाली आवश्यक सुविधाओं से कोई भी समझौता नहीं किया जाएगा।
कमिश्नर ने जोन कमिश्नरों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सभी जोन कमिश्नर सोमवार, मंगलवार और बुधवार को आवश्यक रूप से मॉर्निंग विजिट करें। लोगों की समस्याओं की जानकरी लेकर उसका निराकरण करें। मॉर्निंग विजिट में न जाने वाले जोन कमिश्नर पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पेयजल समस्या को लेकर कमिश्नर ने कहा कि अमृत मिशन के अंतर्गत डिस्ट्रीब्यूशन पाइपलाइन और बूस्टर पाइपलाइन जैसे कार्यों के नतीजे शीघ्र आने चाहिये। टैंकर मुक्त शहर बनाने की दिशा में काम करना है। ग्रीष्म ऋतु से पहले सारे काम समय पर होने चाहिए। जो काम तत्काल किए जा सकते हैं, उसमें विलंब न करने कहा गया। जिन क्षेत्रों में पानी की ज्यादा समस्या है, वहां अन्य जल स्रोत के माध्यम से वैकल्पिक व्यवस्था कर पानी सप्लाई करने के निर्देश भी दिये।
पट्टा वितरण कार्य की समीक्षा करते हुए उन्होंने सभी जोन कमिश्नरों से कहा कि यह शासन का महत्वपूर्ण कार्य है। इस पर सहायक राजस्व अधिकारी हर दिन कार्य करें। त्योहारी सीजन को देखते हुए कहीं भी अंधेरा न रहे, इसका ध्यान रखा जाए। डेंगू नियंत्रण और रोकथाम की दिशा में निरंतर कार्य करने के निर्देश दिये। कमिश्नर ने शहर के सभी गारबेज पॉइंट को समाप्त करने कहा। बाजार क्षेत्र में रात्रिकालीन सफाई और कचरा कलेक्शन करने, डोर टू डोर कचरा कलेक्शन नियमित रूप से शत प्रतिशत घरों से करने और सफाई कार्य पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
कमिश्नर ने गोधन न्याय योजना, निर्माण कार्य, मोबाइल मेडिकल यूनिट, अंग्रेजी माध्यम स्कूल, शासन की प्रमुख योजनाएं, निदान, रैश्ने आवास, अटल आवास, राजस्व वसूली, अवैध कॉलोनी, जलभराव वाले क्षेत्र, लोक सेवा केंद्र और जन समस्या निवारण शिविर जैसे कार्यों पर उन्होंने अधिकारियों से चर्चा की। बैठक में अपर आयुक्त अशोक द्विवेदी, अधीक्षण अभियंता यू.के. धलेंद्र, सभी जोन आयुक्त, कार्यपालन अभियंता, सहायक अभियंता, उप अभियंता, जोन स्वास्थ्य अधिकारी, सहायक राजस्व अधिकारी सहित अन्य कर्मचारी मौजूद थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal