- मुख्यमंत्री ने 353.56 करोड़ रुपए की लागत के 97 विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज प्रदेश की न्यायधानी बिलासपुर को 107.49 करोड़ रुपए की लागत से नवनिर्मित तिफरा फ्लाईओव्हर सहित व्यापार विहार स्मार्ट रोड और प्लेनेटोरियम की सौगात दी। सीएम ने बिलासपुर के लाल बहादुर शास्त्री मैदान में आयोजित कार्यक्रम में बिलासपुर शहर और बिलासपुर जिले के लिए लगभग 353 करोड़ 56 लाख रुपए की लागत के 97 विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया।
मुख्यमंत्री ने इन कार्यों में से 277 करोड़ 31 लाख रुपए की लागत के 62 कार्यों का लोकार्पण और 76 करोड़ 25 लाख रुपए की लागत के 35 कार्यों का भूमिपूजन किया। मुख्यमंत्री ने बिलासपुर में आज तिफरा फ्लाईओवर के अलावा 36 करोड़ 56 लाख रु की लागत से बिलासपुर विश्वविद्यालय में निर्मित अकादमी भवन, पहुंच मार्ग और बाउंड्रीवॉल, 28 करोड़ 48 लाख रु की लागत से तिफरा में पुलिस कर्मचारियों के लिए निर्मित 264 आवास, 26 करोड़ 83 लाख रु की लागत से बिलासपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा व्यापार विहार स्मार्ट रोड महाराणा प्रताप चौक से तारबहार चौक तक बने स्मार्ट रोड और 6 करोड़ 77 लाख रु की लागत से व्यापार विहार में निर्मित प्लेनेटोरियम का लोकार्पण किया।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इन कार्यों का भूमिपूजन किया
10 करोड़ 89 लाख रुपए की लागत से पुराना बस स्टैंण्ड बिलासपुर में बनने वाली स्वचालित मल्टी लेवल कार पार्किंग, 9 करोड़ 99 लाख रुपए की लागत से बिलासपुर स्मार्ट सिटी में स्थापित होने वाली जीआईएस समाधान प्रणाली के क्रियान्वयन से संबंधित कार्य, 5 करोड़ 61 लाख रुपए की लागत से मंगला भैंसाझार से दीनदयाल कॉलोनी, लोखण्डी रेलवे गेट तक बनने वाली 3.5 किलोमीटर 2 लेन सड़क, 4 करोड़ 85 लाख रुपए की लागत से प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत कोटा विकासखण्ड में 31.45 किलोमीटर लम्बाई की 9 सड़कों के नवीनीकरण कार्य और 3 करोड़ 77 लाख रुपए की लागत से बिलासपुर में विभिन्न सड़कों के लिए सौर प्रावधान के साथ मौजूदा स्ट्रीट और सहायक रोशनी की दोहरी फीड में परिवर्तित करने के लिए हाइब्रिड सौर ऊर्जा प्रणाली का निर्माण कार्य शामिल हैं।

इस अवसर पर नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री डॉ.शिवकुमार डहरिया, राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल, उच्च शिक्षा मंत्री उमेश पटेल, सांसद छाया वर्मा, नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, विधायक शैलेष पाण्डेय और छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष अटल श्रीवास्तव सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal