
यूक्रेन पर रूस के हमले के दौरान एक भारतीय छात्र की मौत हो गई है। मेडिकल की पढ़ाई करने गए छात्र नवीन कुमार कर्नाटक के रहने वाले थे। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने ट्वीट कर यूक्रेन के खरकीव में आज सुबह हुए भीषण हमले में एक भारतीय स्टूडेंट की मौत की पुष्टि की। प्रवक्ता ने बताया, ‘हम गहरे दुख के साथ इस बात की पुष्टि कर रहे हैं कि आज सुबह खारकीव में हुई बमबारी में एक भारतीय स्टूडेंट की मौत हो गई। मंत्रालय भारतीय छात्र के परिवार के संपर्क में है। हम परिवार से अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं।’
यूक्रेन में नवीन (21 वर्ष) एमबीबीएस में चौथे वर्ष की पढ़ाई कर रहे थे। नवीन के साथ यह हादसा उस वक्त हुआ, जब वह शेल्टर से खाने के लिए बाहर निकला था। कुछ देर बाद उसके दोस्त को सूचना मिली कि नवीन की मौत हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस बोम्मई ने खारकीव में मारे गए छात्र के पिता से बात की है। बोम्मई ने उन्हें नवीन का शव भारत लाने का भरोसा दिया। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने यूक्रेन में भारतीय छात्र की मृत्यु पर गहरा दुख प्रकट किया है। मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि यूक्रेन में भारतीय छात्र की मृत्यु की खबर बेहद दुखद है। इस पीड़ा में पूरा देश छात्र के परिवारजनों के साथ है। ईश्वर उनके माता-पिता, उनके चाहने वालों को इस कठिन समय को सहने की शक्ति दें। मुख्यमंत्री ने कहा है कि भारत सरकार से पूरा देश इस समय यूक्रेन से भारतीयों को वापस लाने के प्रयासों में तेजी लाने की अपील कर रहा है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal