- पीड़ित महिला ने सख्त कार्रवाई की मांग की
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
दुर्ग /कलेक्टर जनदर्शन में आज कुथरेल से आई एक महिला ने कलेक्टर से शिकायत करते हुए कहा कि वर्ष 2018 में एक युवक ने बेटे को नौकरी लगाने के नाम पर 45 हजार रुपए मांगे। महिला ने रुपए दे दिये, लेकिन 4 साल बीतने के बाद भी युवक ने बेटे को नौकरी नहीं दिलाई। महिला को पैसे भी वापस नहीं दे रहा है। महिला ने बताया कि परिश्रम से कमाया गया पैसा बर्बाद हो गया। महिला ने युवक पर कड़ी कार्रवाई करने की माँग की है।

कलेक्टर जनदर्शन में आज एक आवेदन सिकोलाभाठा के बुजुर्ग नागरिक ने दिया। उन्होंने बताया कि वृद्धावस्था पेंशन की उसकी राशि 9 महीने से नहीं आई है। कलेक्टर ने तुरंत समाज कल्याण विभाग और निगम अधिकारियों को इस संबंध में कार्रवाई करने कहा। कलेक्टर जनदर्शन में कौड़िया पोटिया रोड के मरम्मत की माँग भी उठाई गई। लोगों ने कहा कि रोड जर्जर होने से यातायात में काफी परेशानी हो रही है।
कलेक्टर जनदर्शन में अवैध कब्जे से संबंधित शिकायतें भी आई। कलेक्टर ने अनुविभागीय अधिकारियों को इस संबंध में फौरन कार्रवाई कर जानकारी देने के निर्देश दिये। धमधा विकासखंड के ग्राम पंचायत डूमर के आश्रित गांव करहीडीह में ग्रामीणों ने तालाब में पानी बदबूदार होने की शिकायत की। तालाब में पीला घास और चितावर भी हो गया है। तालाब का पानी साफ होने पर गाँव वालों को निस्तारी सुविधा मिलेगी। उन्होंने तालाब के सौंदर्यीकरण और गहरीकरण की माँग भी की।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal