द सीजी न्यूज डॉट कॉम
दुर्ग शहर के सरस्वती नगर वार्ड 34 में गरीबों के लिए बन रहे प्रधानमंत्री आवास में किये गए कब्जे का मामला अब राजधानी तक पहुंच गया है। भाजपा नेताओं का आरोप है कि आवासों पर कांग्रेस नेताओं की मौजूदगी में कब्जे कराए गए। इस मुद्दे पर छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने जिला भाजपा संगठन से विस्तृत जानकारी मांगी है। यह मुद्दा विधानसभा में उठाया जाएगा। जिला भाजपा संगठन ने पूरे घटनाक्रम व अखबारों की प्रतियों के साथ अन्य जानकारियां नेता प्रतिपक्ष को भेज दी है।

भाजपा नेताओं का आरोप है कि 5 मार्च को महिला कांग्रेस अध्यक्ष व पूर्व पार्षद कन्या ढीमर और निगम के एल्डरमैन जगमोहन ढीमर सहित अन्य कांग्रेसी नेताओं की उपस्थिति में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लगभग 33 करोड़ की लागत से आवासहीन गरीबों के लिए बन रहे 522 मकानों में कब्जा कर लिया। शासकीय अवकाश के दिन यह काम किया गया। आवासों में कब्जा कर ताले लगा दिये गए।
इस मामले की जानकारी वार्ड पार्षद के माध्यम से मिलने पर भाजपा नेताओं ने कलेक्टर को जानकारी दी। भाजपा संगठन ने कलेक्ट्रेट का घेराव करते हुए प्रदर्शन भी किया। कब्जा करते हुए वीडियो-ऑडियो फुटेज भी जारी किया गया है। इसके बाद भी कोई कार्रवाई न होने पर भाजपा पार्षद दल के नेता अजय वर्मा के नेतृत्व में भाजपा पार्षदों ने तीसरे दिन निगम आयुक्त का घेराव किया था, लेकिन अभी इस मामले में निगम और जिला प्रशासन द्वारा चुप्पी साध ली गई है। इस मामले की न तो जांच की गई है और ना कोई कार्रवाई की गई है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal